लखीसराय में निवेश बढ़ाने की तैयारी, डीएम ने व्यवसाय सुधार कार्ययोजना की समीक्षा कर दिए अहम निर्देश
- Post By Admin on Aug 03 2026
लखीसराय: जिले में उद्योगों के अनुकूल वातावरण विकसित करने, निवेश को बढ़ावा देने तथा उद्यमियों को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिला व्यवसाय सुधार कार्ययोजना (DBRAP-2025) एवं Ease of Doing Business (EoDB) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने की। इसमें विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक की शुरुआत जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक रूपेश कुमार झा ने की। उन्होंने DBRAP-2025 के विभिन्न प्रावधानों, विभागवार सुधारों, स्टेट सिंगल विंडो सिस्टम (SWS) तथा Ease of Doing Business के प्रमुख मानकों पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने बताया कि उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT) द्वारा निर्धारित सुधारों का प्रभावी क्रियान्वयन जिले में निवेश आकर्षित करने और औद्योगिक विकास को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य सरकार उद्यमियों को सभी आवश्यक सेवाएं ऑनलाइन एवं पारदर्शी प्रणाली के माध्यम से उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि DBRAP-2025 के तहत निर्धारित सभी सुधारों का समयबद्ध और शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने प्रत्येक विभाग को नोडल पदाधिकारी नामित करने, विभागवार कार्ययोजना तैयार करने तथा प्रगति प्रतिवेदन और आवश्यक साक्ष्य समय पर जिला उद्योग केंद्र को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि राज्य स्तर पर निर्धारित समय में रिपोर्ट भेजी जा सके। बैठक में स्टेट सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से विभागीय सेवाओं के एकीकरण, ऑनलाइन स्वीकृतियों, सेवा वितरण की समयबद्धता तथा निवेशकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। जिला स्तरीय सिंगल विंडो सिस्टम के संचालन के लिए जिलाधिकारी के निर्देशानुसार संबंधित विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारियों को ही नोडल अधिकारी के रूप में नामित करने का निर्णय लिया गया।
जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने स्पष्ट कहा कि उद्योगों की स्थापना और संचालन से जुड़े मामलों में अनावश्यक विलंब या प्रक्रियागत जटिलता किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी। सभी विभाग निवेशकों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सेवाएं उपलब्ध कराएं और उद्योगों के लिए सहयोगात्मक वातावरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि Ease of Doing Business केवल रैंकिंग सुधारने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह नए निवेश आकर्षित करने, उद्योग स्थापित करने, स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन और जिले के समग्र आर्थिक विकास का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने सभी विभागों से समन्वय और जवाबदेही के साथ कार्य करने की अपील करते हुए लखीसराय को उद्योग एवं निवेश के लिए एक आकर्षक जिला बनाने पर जोर दिया।
बैठक के दौरान विभिन्न विभागों ने सुधारों के क्रियान्वयन में आ रही व्यावहारिक समस्याओं और चुनौतियों से भी जिलाधिकारी को अवगत कराया। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में जिला उद्योग केंद्र, नगर परिषद, श्रम संसाधन विभाग, प्रदूषण नियंत्रण परिषद, विद्युत आपूर्ति, अग्निशमन, निबंधन, राजस्व, नगर निकाय, वाणिज्य कर, स्वास्थ्य, परिवहन, बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (BIADA) सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।