आधी रात से भोर तक डीएम का अशोक धाम दौरा, श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर दिए कई अहम निर्देश

  • Post By Admin on Aug 04 2026
आधी रात से भोर तक डीएम का अशोक धाम दौरा, श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर दिए कई अहम निर्देश

लखीसराय: श्रावणी मेला-2026 को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने रविवार देर रात से सोमवार तड़के तक अशोक धाम और बड़हिया क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कई आवश्यक निर्देश दिए।

रविवार रात करीब 10:20 बजे जिलाधिकारी ने उप विकास आयुक्त के साथ अशोक धाम क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने मेला क्षेत्र में तैनात सभी दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की उपस्थिति की जांच की। निरीक्षण में सभी अधिकारी अपने-अपने निर्धारित स्थलों पर मौजूद मिले तथा ड्यूटी पंजी का संधारण भी संतोषजनक पाया गया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि वृद्ध एवं चलने-फिरने में असमर्थ श्रद्धालुओं के लिए मंदिर तक निःशुल्क टोटो सेवा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए जाने के बावजूद मौके पर टोटो नहीं थे। इस पर उन्होंने जिला परिवहन पदाधिकारी को तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

अशोक धाम मंदिर परिसर में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी जिलाधिकारी ने अवलोकन किया। उन्होंने श्रद्धालुओं से बातचीत कर व्यवस्थाओं और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम एवं व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। इसके बाद अशोक धाम रेलवे हॉल्ट से मंदिर तक पीएचईडी द्वारा निर्मित महिला-पुरुष शौचालय एवं स्नानागार का निरीक्षण किया गया। स्वच्छता और उपयोगिता की स्थिति संतोषजनक पाई गई। वहीं स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित स्वास्थ्य शिविर का भी निरीक्षण किया गया, जिसकी व्यवस्थाओं की जिलाधिकारी ने सराहना की। इस दौरान सिविल सर्जन भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि रेलवे हॉल्ट से मंदिर तक लगभग 100 मीटर का रास्ता अब भी कच्चा है। जिलाधिकारी ने इस पर नाराजगी जताते हुए कार्यपालक अभियंता को संबंधित भूमि को पथ निर्माण विभाग (RCD) को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने तथा स्थायी पक्की सड़क निर्माण की कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया।

इसके बाद जिलाधिकारी बड़हिया पहुंचे और बीएनएम कॉलेज गंगा घाट का निरीक्षण किया। थाना अध्यक्ष ने बताया कि श्रद्धालुओं की संख्या नियंत्रित है और स्थिति सामान्य बनी हुई है। जिलाधिकारी ने घाट पर गोताखोरों की तैनाती, अधिक गहराई वाले स्थानों पर लाल झंडा लगाने तथा सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने रेफरल अस्पताल, बड़हिया का भी निरीक्षण किया। उन्होंने आपातकालीन वार्ड में भर्ती एक महिला मरीज से बातचीत कर इलाज और सुविधाओं की जानकारी ली। मरीज ने अस्पताल की व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। निरीक्षण के दौरान चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति और कार्यप्रणाली भी संतोषजनक पाई गई। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को इसी प्रकार की व्यवस्था लगातार बनाए रखने का निर्देश दिया।

सोमवार सुबह करीब पांच बजे जिलाधिकारी ने एक बार फिर अशोक धाम पहुंचकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहे। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात कर्मियों की सतर्कता का जायजा लिया तथा अशोक धाम रेलवे स्टेशन पहुंचकर स्टेशन मास्टर से ट्रेनों की व्यवस्था और तैयारियों की जानकारी ली। स्टेशन मास्टर ने बताया कि इस रूट पर चार ट्रेनों का ठहराव है और रेलवे प्रशासन भी श्रावणी मेले को लेकर पूरी तरह सतर्क है। निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी ने नगर परिषद को साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाएं लगातार बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर उसकी कार्यप्रणाली की समीक्षा की तथा संबंधित विभागों को मेला क्षेत्र में सभी व्यवस्थाएं सुचारु बनाए रखने का निर्देश दिया।