राजकीय डिग्री कॉलेजों के उद्घाटन की तैयारियां तेज, डीएम ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

  • Post By Admin on Jul 14 2026
राजकीय डिग्री कॉलेजों के उद्घाटन की तैयारियां तेज, डीएम ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

लखीसराय : जिले में नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों के उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। मंगलवार को जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने हलसी और रामगढ़ चौक स्थित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों का निरीक्षण कर कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय, तरहारी (हलसी) में प्रस्तावित मुख्यमंत्री के उद्घाटन कार्यक्रम के लाइव प्रसारण की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने प्रसारण कक्ष को आकर्षक ढंग से सजाने, अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों के बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों की उपस्थिति में गरिमापूर्ण स्वागत की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में मध्य एवं उच्च विद्यालयों के छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक निर्धारित यूनिफॉर्म में अनुशासित ढंग से शामिल होंगे। नव-नामांकित विद्यार्थियों का फूलों से स्वागत किया जाएगा, जबकि छोटे बच्चों को प्रोत्साहन स्वरूप ट्रॉफी भी प्रदान की जाएगी।

जिला पदाधिकारी ने कार्यक्रम के निर्बाध संचालन के लिए जनरेटर की व्यवस्था, प्रत्येक गतिविधि की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी तथा विद्यालय परिसर में रंगोली और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यक्रम का मिनट-टू-मिनट प्लान तैयार करने के लिए संबंधित प्रधानाध्यापक एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (शिक्षा) को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा। उन्होंने चानन एवं पिपरिया स्थित राजकीय डिग्री कॉलेजों के उद्घाटन कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा करने तथा नियमित रूप से प्रगति प्रतिवेदन और फोटोग्राफ उपलब्ध कराने का निर्देश जिला शिक्षा पदाधिकारी को दिया। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।