खो-खो नाइट टूर्नामेंट में सूरजगढ़ा और टोलरपुर का दमदार प्रदर्शन

  • Post By Admin on Jul 14 2026
खो-खो नाइट टूर्नामेंट में सूरजगढ़ा और टोलरपुर का दमदार प्रदर्शन

लखीसराय : टोलरपुर टैलेंट क्लब, मुस्तफापुर के तत्वावधान में टोलरपुर मैदान में आयोजित खो-खो नाइट टूर्नामेंट का रोमांचक मुकाबला सोमवार देर रात संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में बालिका और बालक दोनों वर्गों की टीमों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले में सूरजगढ़ा की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए टोलरपुर को 4-2 अंकों से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। वहीं बालक वर्ग में टोलरपुर की टीम ने कड़े मुकाबले में सूरजगढ़ा को एक अंक के अंतर से हराकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।

टूर्नामेंट का उद्घाटन टोलरपुर के मुखिया पप्पू यादव एवं वार्ड पार्षद अधिवक्ता अमृत भाई पटेल ने नारियल फोड़कर किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने की अपील की।

कार्यक्रम में रविशंकर, अभिषेक तांती, लव, मिथिलेश कुमार, सोनू सिंह, राजू कुमार तथा खो-खो जिला सचिव अमित सिंह राजपूत अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का सफल संचालन रेफरी अमित कुमार, नीरज सिंह और गुड़िया कुमारी ने किया।आयोजक गुंजन कुमार ने बताया कि इस तरह के नाइट टूर्नामेंट का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना और युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना है।