अशोक धाम में महाशिवरात्रि की तैयारियां तेज, श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर प्रशासन अलर्ट
- Post By Admin on Feb 06 2026
लखीसराय : आगामी महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं विधि-व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में इंद्रदमनेश्वर महादेव मंदिर (अशोक धाम) परिसर में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें पर्व के दौरान होने वाली प्रशासनिक तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने कहा कि महाशिवरात्रि के अवसर पर अशोक धाम में लाखों श्रद्धालु जलाभिषेक व पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं, ऐसे में भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था एवं सुगम आवागमन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए संग्रहालय बालगुदर के समीप एवं बी.एड. कॉलेज मोड़ के पास वाहन पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। बी.एड. कॉलेज मोड़ से मंदिर परिसर तक श्रद्धालुओं को लाने-ले जाने के लिए विशेष परिवहन व्यवस्था की जाएगी। वहीं, पैदल चलने में असमर्थ श्रद्धालुओं के लिए टोटो और फोर व्हीलर वाहनों की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर मंदिर परिसर एवं आसपास मेडिकल टीम की तैनाती, एम्बुलेंस सेवा, प्राथमिक उपचार एवं आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। नगर परिषद को मंदिर परिसर, मुख्य मार्गों एवं शिव बारात मार्ग पर आकर्षक तिरंगा लाइटिंग और स्वच्छ पेयजल हेतु वाटर टैंकर की व्यवस्था करने को कहा गया है।
महाशिवरात्रि पर निकलने वाली पारंपरिक शिव बारात अशोक धाम से प्रारंभ होकर एनएच-80, बालगुदर, विद्यापीठ, थाना चौक, स्टेशन रोड, पचना रोड बाईपास पुल होते हुए बी.एड. कॉलेज मार्ग से वापस मंदिर पहुंचेगी। इस दौरान विधि-व्यवस्था और यातायात नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
डीएम श्री मिथिलेश मिश्र ने कहा कि महाशिवरात्रि पर्व श्रद्धा और सौहार्द के वातावरण में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो, इसके लिए सभी आवश्यक एहतियाती कदम समय रहते पूरे किए जाएं।
बैठक में अपर समाहर्ता श्री नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार, एसडीओ श्री प्रभाकर कुमार, एसडीपीओ श्री शिवम कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री मुकुल पंकज मणि, मंदिर सचिव डॉ. कुमार अमित सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।