बजट 2026 ने बदली लखीसराय की तस्वीर, मेडिकल कॉलेज और पर्यटन को मिली बड़ी मंजूरी

  • Post By Admin on Feb 06 2026
बजट 2026 ने बदली लखीसराय की तस्वीर, मेडिकल कॉलेज और पर्यटन को मिली बड़ी मंजूरी

लखीसराय : भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्र एवं राज्य सरकार के बजट 2026 को जनहितैषी और विकासोन्मुखी बताया गया। प्रेस वार्ता को भाजपा प्रदेश प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल एवं जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने संबोधित किया।

प्रदेश प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल ने कहा कि बजट 2026 ‘विकसित बिहार’ की दिशा में एक मजबूत आधार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार समाज के हर वर्ग के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। बजट में स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और रोजगार को विशेष प्राथमिकता दी गई है।

उन्होंने बताया कि बिहार बजट 2026 के तहत लखीसराय सहित राज्य के 10 जिलों में नए मेडिकल कॉलेज खोलने का प्रावधान किया गया है, जिससे न केवल स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा, बल्कि स्थानीय युवाओं को मेडिकल शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर भी मिलेंगे।

जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने कहा कि लखीसराय जिले के पिपरिया, रामगढ़ चौक, हलसी और चैनन प्रखंडों में एक साथ डिग्री कॉलेज खोले जाने का निर्णय शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक और क्रांतिकारी कदम है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को जिले में ही उच्च शिक्षा की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

उन्होंने यह भी बताया कि श्रृंगी ऋषि धाम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए बजट में विशेष प्रावधान किया गया है, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज, शिक्षा विस्तार, स्वास्थ्य सेवाएं और कृषि रोडमैप जैसे प्रावधान जिले के समग्र विकास को नई दिशा देंगे।

जिला मीडिया प्रभारी अजय कुशवाहा ने कहा कि बजट 2026 ‘सबका साथ, सबका विकास’ की अवधारणा को जमीन पर उतारने वाला बजट है, जिससे बिहार के हर जिले को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा।