महिलाओं में कैंसर जागरूकता अभियान तेज, जीविका दीदियों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण
- Post By Admin on Feb 06 2026
लखीसराय : जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार शुक्रवार को जिला मंत्रणा कक्ष में कैंसर से संबंधित जनजागरूकता कार्यक्रम के तहत जीविका एवं सीएम दीदियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में महिलाओं के बीच कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा प्रारंभिक लक्षणों की पहचान कर समय पर जांच सुनिश्चित करना है।
प्रशिक्षण के दौरान जीविका दीदियों से अपील की गई कि वे अपने-अपने क्षेत्र में ऐसी महिलाओं को चिह्नित करें जिनमें ल्यूकोरिया (सफेद पानी आना), स्तन में गांठ, गिल्टी या अन्य संदिग्ध लक्षण दिखाई दें।
निर्देश दिया गया कि ऐसी महिलाओं को प्रतिदिन सदर अस्पताल के कक्ष संख्या-4 में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक निःशुल्क स्क्रीनिंग के लिए लाया जाए, ताकि समय रहते जांच और उपचार संभव हो सके।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि इस पहल से कैंसर की शुरुआती पहचान में मदद मिलेगी और महिलाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को भी बढ़ावा मिलेगा।