लखीसराय में पेयजल संकट से निपटने की तैयारी, डीएम ने चापाकल मरम्मती दल को किया रवाना
- Post By Admin on Mar 07 2026
लखीसराय: गर्मी के मौसम में संभावित पेयजल संकट से निपटने के लिए लखीसराय जिला प्रशासन ने अग्रिम तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में शनिवार को जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने समाहरणालय परिसर से “चापाकल मरम्मती दल” को हरी झंडी दिखाकर विभिन्न प्रखंडों के लिए रवाना किया। इस पहल का उद्देश्य जिले के खराब पड़े चापाकलों की शीघ्र मरम्मत कर आम लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि गर्मी के दिनों में ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की समस्या अक्सर उत्पन्न हो जाती है। ऐसे में प्रशासन की प्राथमिकता है कि खराब पड़े चापाकलों को समय रहते ठीक कर उन्हें चालू किया जाए, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के अधिकारियों और तकनीकी कर्मियों को निर्देश दिया कि वे सभी प्रखंडों में सक्रिय रूप से खराब चापाकलों की पहचान कर उनकी शीघ्र मरम्मत सुनिश्चित करें।
प्रत्येक प्रखंड के लिए बनाया गया मरम्मती दल
लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग द्वारा जिले के प्रत्येक प्रखंड के लिए अलग-अलग “चापाकल मरम्मती दल” का गठन किया गया है। इन दलों में कनीय अभियंता और तकनीकी कर्मियों को शामिल किया गया है, जो संबंधित क्षेत्रों में जाकर खराब चापाकलों की मरम्मत करेंगे। इसके अलावा शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए जिला नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है।प्रशासन की ओर से नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 06346-296112 जारी किया गया है, जिस पर आम नागरिक चापाकल खराब होने की सूचना दे सकते हैं। सूचना मिलने के बाद संबंधित मरम्मती दल तुरंत मौके पर पहुंचकर चापाकल को दुरुस्त करेगा।
सभी प्रखंडों में रहेगी निगरानी
जिला पदाधिकारी ने सभी प्रखंड स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पेयजल की स्थिति पर लगातार नजर रखें और जहां भी आवश्यकता हो, वहां तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें। मरम्मती दलों की जिम्मेदारी लखीसराय, सूर्यगढ़ा, पिपरिया, बड़हिया, हलसी, चानन और रामगढ़ चौक प्रखंडों में तय की गई है, जबकि सहायक अभियंता स्तर के अधिकारी पूरे कार्य की निगरानी करेंगे।
जिला प्रशासन की इस पहल से गर्मी के मौसम में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में मदद मिलेगी और आम लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के कार्यपालक अभियंता रुपेश कुमार सहित अन्य पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे।