पटना: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर “मां तुझे सलाम” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम दी स्ट्रगलर्स, Berater Management Association और हिंद डिफेंस एकेडमी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें समाज में माताओं की महत्वपूर्ण भूमिका को सम्मानित करने और उनके योगदान को सराहने का उद्देश्य प्रमुख रहा।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आई 200 से अधिक माताओं को उनके त्याग, समर्पण और परिवार व समाज के निर्माण में निभाई गई अहम भूमिका के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर समाज के कई प्रतिष्ठित व्यक्तियों, डॉक्टरों, रक्षा कर्मियों और अन्य विशिष्ट अतिथियों ने माताओं को सम्मान प्रदान किया।

Berater Management Association के संस्थापक डॉ. दिवाकर पाठक ने अपने संबोधन में कहा कि माताएं समाज की सबसे बड़ी शक्ति होती हैं। उनका निस्वार्थ प्रेम, त्याग और समर्पण समाज की मजबूत नींव तैयार करता है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम माताओं के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का एक छोटा सा प्रयास है। हिंद डिफेंस एकेडमी के संस्थापक और भारतीय सेना के सेवानिवृत्त अधिकारी राजेश के. आर. सिंह ने कहा कि अनुशासन, संस्कार और देशभक्ति जैसे मूल्य हमें सबसे पहले अपनी माताओं से ही प्राप्त होते हैं। उन्होंने कहा कि माताओं का सम्मान करना राष्ट्र का सम्मान करने के समान है। हिंद डिफेंस एकेडमी की निदेशक दिव्या सिंह ने कार्यक्रम में उपस्थित माताओं और अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य उन माताओं के त्याग और शक्ति को सम्मान देना है, जो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देती हैं।

इस अवसर पर मेंटर एवं ट्रस्टी दिनेश कुमार पांडेय ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि महिलाएं समाज में मां, बहन और पत्नी के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उनके संस्कार, प्रेम और समर्पण से परिवार और समाज मजबूत बनता है। उन्होंने महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण को एक मजबूत समाज के निर्माण के लिए आवश्यक बताया। कार्यक्रम के दौरान हिंद डिफेंस एकेडमी के विद्यार्थियों द्वारा मार्शल आर्ट, पिरामिड, योगा और गीत-संगीत की रंगारंग प्रस्तुतियां दी गईं। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कला मंच नौबतपुर के बच्चों द्वारा लोकनाट्य सम्राट भिखारी ठाकुर की प्रसिद्ध कृति “बेटी बेचवा” का मंचन रहा। इस नाटक के माध्यम से ग्रामीण समाज में व्याप्त गरीबी, पितृसत्तात्मक सोच और धन के लालच में बेटियों की बेमेल शादियों जैसी कुरीतियों को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया।

नाटक का निर्देशन सोनू कुमार और चंदन कुमार ने किया। कलाकारों के सशक्त अभिनय और भावनात्मक प्रस्तुति ने दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली और माताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया। इस अवसर पर कला संस्कृति प्रकोष्ठ बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वरुण कुमार सिंह, कुमार रविकांत, सनत कुमार, रोशन कुमार, उत्तम कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।