शराबबंदी में संशोधन की वकालत: प्रफुल्ल मांझी बोले– कानून सबके लिए समान हो

  • Post By Admin on Mar 01 2026
शराबबंदी में संशोधन की वकालत: प्रफुल्ल मांझी बोले– कानून सबके लिए समान हो

लखीसराय : सिकंदरा विधायक सह हिंदुस्तान आवाम मोर्चा (सेकुलर) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रफुल्ल मांझी ने राज्य में प्रस्तावित शराबबंदी कानून में संशोधन को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के रुख का पुरजोर समर्थन किया है। रविवार को अपने गृह जिला लखीसराय के संतर मुहल्ला स्थित आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि कानून का उद्देश्य समाज में सुधार लाना है, इसलिए इसे अधिक प्रभावी और व्यावहारिक बनाया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि शराबबंदी से सामाजिक स्तर पर सकारात्मक बदलाव देखने को मिले हैं, लेकिन कानून सबके लिए समान रूप से लागू होना चाहिए। आईएएस, आईपीएस, इंजीनियर एवं जनप्रतिनिधियों को भी शराबबंदी कानून के दायरे में शामिल किया जाना चाहिए। जब तक कानून सब पर समान रूप से लागू नहीं होगा, तब तक समाज में सही संदेश और पारदर्शिता स्थापित नहीं हो सकेगी।

प्रफुल्ल मांझी ने सुझाव दिया कि कूपन सिस्टम या आधार आधारित व्यवस्था के तहत सीमित और नियंत्रित तरीके से शराब उपलब्ध कराने पर विचार किया जा सकता है। उनका कहना था कि इससे एक ओर राजस्व के नुकसान की भरपाई संभव होगी, वहीं दूसरी ओर अवैध शराब कारोबार पर भी प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सकेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि विदेश से आने वाले कुछ पर्यटक एवं विदेशी नागरिकों को शराब पीने की आदत होती है। ऐसे में पर्यटन को प्रभावित होने से बचाने के लिए संशोधन के माध्यम से उन्हें नियंत्रित व्यवस्था के तहत शराब उपलब्ध कराने पर विचार किया जाना चाहिए।

विधायक ने कहा कि उनके नेता जीतन राम मांझी बिहार में शराबबंदी लागू होने के समय से ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलकर कानून में व्यावहारिक संशोधन की सलाह देते रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार समाजहित में ठोस निर्णय लेकर कानून को और प्रभावी बनाएगी।

राज्य में बढ़ते अपराध के सवाल पर उन्होंने कहा कि अपराध पहले के शासनकाल में भी होते थे, लेकिन वर्तमान समय में अपराध की घटना होने पर त्वरित जांच और दोषियों की पहचान कर कार्रवाई तेज की गई है।