लखीसराय के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स बताएंगे सरकारी योजनाओं का सच, बेहतर कंटेंट पर प्रशासन देगा इनाम

  • Post By Admin on Nov 05 2026
लखीसराय के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स बताएंगे सरकारी योजनाओं का सच, बेहतर कंटेंट पर प्रशासन देगा इनाम

लखीसराय : प्रेस क्लब भवन में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार की अध्यक्षता में स्थानीय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के साथ एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और जिला प्रशासन की गतिविधियों को व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुंचाना है।

बैठक में इन्फ्लुएंसर्स को संबोधित करते हुए जिला जनसंपर्क पदाधिकारी ने कहा कि आज के दौर में सोशल मीडिया जनसंचार का बेहद प्रभावशाली माध्यम बन चुका है। उन्होंने सभी रचनाकारों से अपील की कि वे अपनी रचनात्मकता और डिजिटल पहुंच का सकारात्मक उपयोग करते हुए आम जनता को जागरूक करें। विशेष रूप से योजनाओं की पात्रता, लाभ और आवेदन प्रक्रिया से जुड़ी सटीक और प्रामाणिक जानकारी साझा करने पर बल दिया गया।

इस दौरान प्रतिभागियों को 'बिहार सोशल मीडिया एवं अन्य ऑनलाइन मीडिया नियमावली-2024' और विभागीय दिशा-निर्देशों की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि इच्छुक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और एजेंसियों के पैनल में शामिल होने (एम्पैनलमेंट) के लिए ऑनलाइन आवेदन की व्यवस्था की गई है, जिसके जरिए निर्धारित पोर्टल पर पंजीकरण कराया जा सकता है। इसके साथ ही किसी भी भ्रामक या असत्य सूचना के प्रसार से पूरी तरह बचने का निर्देश दिया गया।

प्रशासन ने घोषणा की है कि सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार में उल्लेखनीय और सकारात्मक योगदान देने वाले इन्फ्लुएंसर्स को उनके प्रदर्शन के आधार पर सम्मानित और पुरस्कृत किया जाएगा। उपस्थित सभी इन्फ्लुएंसर्स ने जनहित के इस अभियान में प्रशासन के साथ मिलकर सक्रिय सहयोग करने का संकल्प लिया।