विश्व पर्यावरण दिवस पर जल, जंगल और जमीन बचाने का लिया संकल्प
- Post By Admin on Jun 05 2026
मुजफ्फरपुर: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एक्शन एड के तत्वावधान में मुरौल पंचायत सरकार भवन परिसर में गुरुवार को एक विचार गोष्ठी एवं पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुखिया प्रमिला देवी ने की। गोष्ठी में पर्यावरण संरक्षण, जल संकट, जंगलों की कटाई और पारिस्थितिकी न्याय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
वक्ताओं ने कहा कि जल, जंगल और जमीन का लगातार हो रहा दुरुपयोग मानव जीवन के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। पेड़-पौधों की अंधाधुंध कटाई, उपजाऊ मिट्टी का दोहन और प्राकृतिक संसाधनों के गलत इस्तेमाल के कारण मानव, पशु-पक्षी एवं अन्य जीव-जंतुओं का अस्तित्व संकट में पड़ता जा रहा है। ऐसे में प्रकृति के प्रति लोगों का दृष्टिकोण बदलना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। गोष्ठी में यह भी बताया गया कि एक्शन एड द्वारा अगले दस दिनों तक मुजफ्फरपुर जिले के विभिन्न प्रखंडों में पर्यावरण जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान अधिक से अधिक लोगों को जलवायु परिवर्तन, पर्यावरण संरक्षण और पौधारोपण के प्रति जागरूक किया जाएगा तथा विभिन्न स्थानों पर पौधे लगाए जाएंगे।
कार्यक्रम में रीमा भारती, सरपंच पिलखी, सरपंच प्रतिनिधि मुरौल सत्यनारायण प्रसाद सिंह, एक्शन एड के क्षेत्रीय प्रबंधक सौरभ कुमार, प्रोग्राम ऑफिसर मो. इकराम सहित अन्य वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए। सभी ने पर्यावरण संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की। एक्शन एड के जिला समन्वयक अरविन्द कुमार ने विषय प्रवेश कराया एवं गोष्ठी का संचालन किया। उन्होंने कहा कि पारिस्थितिकी न्याय तभी संभव है जब समाज का हर व्यक्ति प्रकृति संरक्षण को अपनी जिम्मेदारी समझे।
गोष्ठी के बाद पंचायत सरकार भवन मुरौल परिसर में आम, जामुन, कटहल और अमरूद के पौधे लगाए गए। पौधों की सुरक्षा और देखभाल की जिम्मेदारी स्थानीय लोगों ने स्वयं लेने का संकल्प लिया। मौके पर एक्शन एड के वोलेंटियर रामसुंदर राम, राकेश कुमार एवं रत्नेश जी सहित कई लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन एवं धन्यवाद ज्ञापन रामसुंदर राम द्वारा किया गया।