कारगिल विजय दिवस पर पीपल का पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

  • Post By Admin on Jul 26 2026
कारगिल विजय दिवस पर पीपल का पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

लखीसराय: कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रविवार को जिले के चानन प्रखंड अंतर्गत कुंदर गांव में पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के तहत देव वृक्ष पीपल का पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व पर्यावरण प्रहरी पंकज कुमार ने किया, जबकि संजीत कुमार यादव ने अभियान में सहयोग दिया। इस दौरान शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के प्रांत संयोजक, पर्यावरण भारती के संस्थापक एवं अखिल भारतीय पेड़ उपक्रम टोली के सदस्य राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि धरती ही मानव जीवन का आधार है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है कि वह प्रकृति के संरक्षण में अपनी भूमिका निभाए। उन्होंने वेदों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत की संस्कृति में धरती को माता का स्थान दिया गया है और "भूमि माता पुत्रो अहं पृथिव्याः" का संदेश हमें प्रकृति के प्रति अपने दायित्व की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि वृक्ष मानव को प्राणवायु ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, भूमिगत जल संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, वर्षा चक्र को संतुलित रखते हैं तथा पक्षियों और अन्य जीव-जंतुओं को आश्रय देते हैं। मधुमक्खियों, तितलियों और अन्य परागण करने वाले जीवों के माध्यम से कृषि उत्पादन भी वृक्षों पर निर्भर है। उन्होंने कहा कि बढ़ती वृक्षों की कटाई के कारण प्राकृतिक आपदाएं बढ़ रही हैं, इसलिए आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर के आसपास कम से कम 10 पेड़ लगाने चाहिए।

पर्यावरण प्रहरी पंकज कुमार ने कारगिल विजय दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 26 जुलाई 1999 को भारतीय सेना ने "ऑपरेशन विजय" के तहत पाकिस्तान समर्थित घुसपैठियों को कारगिल से खदेड़कर तिरंगा फहराया था। इस विजय में 527 से अधिक भारतीय सैनिकों ने सर्वोच्च बलिदान दिया, जिनकी स्मृति और वीरता के सम्मान में प्रतिवर्ष 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल शहीदों को श्रद्धांजलि देने का अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति लोगों को जागरूक करने का भी संदेश देता है।

पौधारोपण कार्यक्रम में पंकज कुमार, राम बिलास शाण्डिल्य, संजीत कुमार यादव, हीरा देवी, नीलू देवी, रिया कुमारी, रागिनी कुमारी, ऋचा कुमारी, विराज, युवराज सहित कई लोगों ने भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।