किऊल वृंदावन पंचायत भवन में स्वास्थ्य शिविर आयोजित, ग्रामीणों को मिली मुफ़्त सेवा
- Post By Admin on Jul 26 2026
लखीसराय: विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल, लखीसराय के तत्वावधान में रविवार को किऊल वृंदावन पंचायत भवन में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में भागलपुर के ओम ईएनटी एंड मैटरनिटी हॉस्पिटल के ईएनटी (कान, नाक एवं गला) विशेषज्ञ चिकित्सक द्वारा मरीजों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया।
आयोजकों के अनुसार, शिविर में करीब 20 लोगों के कान, नाक और गले से संबंधित रोगों की जांच कर उनका नि:शुल्क उपचार किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना और उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना था। शिविर के दौरान मरीजों की आवश्यक चिकित्सकीय जांच की गई तथा डॉक्टरों की सलाह के अनुसार उन्हें नि:शुल्क दवाइयों का भी वितरण किया गया। सुबह से ही शिविर में लोगों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। पंजीकरण के बाद मरीजों का क्रमवार स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें महिलाएं, बुजुर्ग और युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए कहा कि "नर सेवा ही नारायण सेवा" है और ऐसे स्वास्थ्य शिविर समाज के जरूरतमंद लोगों के लिए काफी लाभकारी साबित होते हैं। शिविर में विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री बंटी कुमार, बजरंग दल के जिला मिलन केंद्र प्रमुख विवेक जोशी, विश्व हिंदू परिषद के कोषाध्यक्ष पंकज कुमार, बजरंग दल के प्रखंड संयोजक सोनू कुमार, अविनाश कुमार एवं गौरी देवी सहित संगठन के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। आयोजकों ने भविष्य में भी इस तरह के जनहितकारी स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की बात कही।