रामगढ़ में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित, बच्चों को गोद लेने के कानूनी अधिकारों की दी जानकारी

  • Post By Admin on Jul 26 2026
रामगढ़ में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित, बच्चों को गोद लेने के कानूनी अधिकारों की दी जानकारी

लखीसराय: जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष एवं सचिव के निर्देशन में रविवार को रामगढ़ प्रखंड के शर्मा ग्राम में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को विभिन्न कानूनी अधिकारों, विशेष रूप से बच्चों को गोद लेने (दत्तक ग्रहण) से संबंधित प्रावधानों की जानकारी देना था।

कार्यक्रम में पारा विधिक स्वयंसेवक (पीएलवी) ज्वाला, पीएलवी ममता तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार के पैनल अधिवक्ता शितेश सुधांशु ने भाग लिया। अधिवक्ता ने दत्तक ग्रहण से जुड़े कानूनी प्रावधानों, प्रक्रिया, पात्रता एवं बच्चों के अधिकारों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए बताया कि कानूनी प्रक्रिया के तहत ही दत्तक ग्रहण करना बच्चों के हितों की सुरक्षा के लिए आवश्यक है।

कार्यक्रम के आयोजन में समाजसेवी कनक शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों ने बच्चों को गोद लेने से जुड़े विभिन्न कानूनी पहलुओं पर सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने सरल भाषा में जवाब दिया। इस अवसर पर समाजसेवी विद्याशंकर सिंह, अमित सिंह, धीरज कुमार, विभीषण कुमार, रामनिवास सिंह, पार्थ कुमार, रीति कुमारी, कल्याणी देवी, सुनीता देवी सहित कई महिला एवं पुरुष ग्रामीण मौजूद रहे। जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने लोगों से अपील की कि किसी भी कानूनी समस्या या अधिकार संबंधी जानकारी के लिए वे प्राधिकार की सेवाओं का लाभ उठाएं।