अब लखीसराय में ही बनेगा पासपोर्ट, तीन दिवसीय मोबाइल वैन शिविर का शुभारंभ

  • Post By Admin on Jul 21 2026
अब लखीसराय में ही बनेगा पासपोर्ट, तीन दिवसीय मोबाइल वैन शिविर का शुभारंभ

लखीसराय : जिला समाहरणालय परिसर में मंगलवार से तीन दिवसीय विशेष 'पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर' का शुभारंभ किया गया। शिविर का उद्घाटन जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी (पटना) रियाज नजमी एवं अन्य अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत के साथ हुई। यह विशेष शिविर 21 से 23 जुलाई 2026 तक संचालित होगा।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी रियाज नजमी ने कहा कि इस विशेष शिविर का उद्देश्य उन क्षेत्रों के नागरिकों को पासपोर्ट सेवा उपलब्ध कराना है, जहां स्थायी पासपोर्ट सेवा केंद्र नहीं हैं। उन्होंने बताया कि इच्छुक आवेदकों को पासपोर्ट सेवा की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर लोकेशन के विकल्प में 'पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर, लखीसराय' का चयन करना होगा। उन्होंने आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों एवं अन्य औपचारिकताओं की भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह पहल 'पासपोर्ट आपके द्वार' अभियान के तहत संचालित की जा रही है, ताकि दूर-दराज के क्षेत्रों तक भी पासपोर्ट सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित की जा सके।

जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने कहा कि लखीसराय के लिए यह गर्व की बात है कि जिले में दूसरी बार पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पहले आयोजित शिविर को नागरिकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली थी और इस बार भी अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पहले पासपोर्ट बनवाने के लिए लोगों को दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त आवश्यकता होती थी, लेकिन अब यह सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होने से आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि भारत सरकार एवं राज्य सरकार 'सेवा आपके द्वार' की अवधारणा को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से साकार कर रही हैं। पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे सरकारी सेवाएं लोगों के घर के नजदीक उपलब्ध हो रही हैं।

जिला प्रशासन ने जिले के सभी इच्छुक नागरिकों से अपील की है कि वे समय रहते ऑनलाइन आवेदन कर इस विशेष शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने पासपोर्ट से जुड़े कार्यों का त्वरित निष्पादन कराएं। इस अवसर पर अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पम्मी रानी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, नजारत उपसमाहर्ता प्राची कुमारी सहित कई प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।