पर्यावरण संरक्षण हर नागरिक की जिम्मेदारी, एमपी सिन्हा साइंस कॉलेज में विचार गोष्ठी
- Post By Admin on Jul 21 2026
मुजफ्फरपुर : महेश प्रसाद सिन्हा साइंस कॉलेज, मुजफ्फरपुर (बी.आर.ए. बिहार विश्वविद्यालय की अंगीभूत इकाई) में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई एवं सेहत केन्द्र के संयुक्त तत्वावधान में 'पर्यावरण और हमारा कर्तव्य बोध' विषय पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और नागरिकों की जिम्मेदारी पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राजीव कुमार ने की, जबकि संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. अमित कुमार साह ने किया।
मुख्य वक्ता डॉ. भगवान कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में केवल 'पर्यावरण बचाओ' का नारा पर्याप्त नहीं है, बल्कि 'पर्यावरण को मनुष्य से बचाने' की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि मानव द्वारा प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन, वनों की कटाई और बढ़ते प्रदूषण ने प्रकृति के संतुलन को गंभीर रूप से प्रभावित किया है। उन्होंने जल संरक्षण, वृक्षारोपण, प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली और ऊर्जा संरक्षण को पर्यावरण सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक बताते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार का दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। विशिष्ट अतिथि डॉ. रजनीकांत पांडेय ने जलवायु परिवर्तन, वायु एवं जल प्रदूषण तथा जैव विविधता के लगातार हो रहे ह्रास को मानव सभ्यता के लिए गंभीर चुनौती बताया। उन्होंने युवाओं से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होकर समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने और सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य प्रो. राजीव कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए शैक्षणिक संस्थानों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने और अपने दैनिक जीवन में पर्यावरण-अनुकूल व्यवहार अपनाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित शिक्षकगण, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक संकल्प लिया। अंत में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. अमित कुमार साह ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं प्रतिभागियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।