लखीसराय में लगेगा पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन कैंप, 21 से 23 जुलाई तक मिलेगी सुविधा

  • Post By Admin on Jul 17 2026
लखीसराय में लगेगा पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन कैंप, 21 से 23 जुलाई तक मिलेगी सुविधा

लखीसराय : विदेश मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से लखीसराय जिले में दूसरी बार तीन दिवसीय पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन कैंप का आयोजन किया जाएगा। यह विशेष शिविर 21 से 23 जुलाई 2026 तक समाहरणालय परिसर में आयोजित होगा, जहां जिले के नागरिकों को पासपोर्ट से जुड़ी विभिन्न सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराई जाएंगी।कैंप का उद्घाटन जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार एवं क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी, पटना स्वधा रिजवी संयुक्त रूप से करेंगे।

जिला प्रशासन के अनुसार जिले में पासपोर्ट आवेदनों की लगातार बढ़ती संख्या और नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसके माध्यम से लोगों को पासपोर्ट बनवाने अथवा अन्य संबंधित सेवाओं के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा और जिले में ही आवश्यक सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। शिविर के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक प्रशासनिक एवं आधारभूत तैयारियां पूरी करने का दावा किया है। कैंप के दौरान पासपोर्ट से संबंधित निर्धारित सेवाएं सुचारु रूप से उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है।

जिला प्रशासन ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि जिन लोगों को नया पासपोर्ट बनवाना है या पासपोर्ट संबंधी किसी सेवा की आवश्यकता है, वे निर्धारित तिथि से पहले आवश्यक दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन आवेदन और अपॉइंटमेंट की प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि शिविर का अधिकतम लाभ उठाया जा सके।