'वर्तिका' में सहेजा गया आरडीएस कॉलेज का स्वर्णिम इतिहास, 19 जुलाई को होगा विमोचन

  • Post By Admin on Jul 17 2026
'वर्तिका' में सहेजा गया आरडीएस कॉलेज का स्वर्णिम इतिहास, 19 जुलाई को होगा विमोचन

मुजफ्फरपुर : रामदयालु सिंह (आरडीएस) कॉलेज की वार्षिक पत्रिका 'वर्तिका' के प्रकाशन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कॉलेज के स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर 19 जुलाई को पत्रिका का औपचारिक विमोचन किया जाएगा। इस संबंध में प्राचार्य डॉ. शशि भूषण कुमार ने संपादकीय टीम के साथ बैठक कर पत्रिका की साज-सज्जा, सामग्री चयन और छपाई से जुड़े सभी पहलुओं की समीक्षा करते हुए अंतिम रूप दिया। प्राचार्य डॉ. शशि भूषण कुमार ने बताया कि इस वर्ष 'वर्तिका' को बिल्कुल नए कलेवर में तैयार किया गया है। इसमें छात्रों और शिक्षकों के उत्कृष्ट लेखों का संकलन किया गया है। उन्होंने कहा कि यह पत्रिका नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनने के साथ-साथ संस्थान की महत्वपूर्ण धरोहर के रूप में स्थापित होगी।

पत्रिका के संपादक डॉ. रमेश प्रसाद गुप्ता ने बताया कि इस अंक में कॉलेज की गौरवशाली विरासत को विशेष रूप से स्थान दिया गया है। इसमें संस्थान की महान विभूतियों की दुर्लभ तस्वीरें प्रकाशित की गई हैं, वहीं संस्थापक रामदयालु बाबू के जीवन और योगदान पर विद्यार्थियों के शोधपरक लेख भी शामिल किए गए हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 1952 से कॉलेज पत्रिका का नियमित प्रकाशन होता रहा है। वर्ष 2004 में तत्कालीन प्राचार्य प्रो. तारा शंकर सिंह के कार्यकाल में इसका नाम बदलकर 'वर्तिका' रखा गया, जिसके बाद से प्रत्येक वर्ष इसी नाम से इसका प्रकाशन किया जा रहा है।

संपादक ने कहा कि पत्रिका को धरोहर संस्करण के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से 1952-53 में प्रकाशित लेखों का भी पुनः संकलन किया गया है, जो रामदयालु सिंह कॉलेज के स्वर्णिम इतिहास और शैक्षणिक परंपरा को रेखांकित करते हैं। इस अंक में कॉलेज के पूर्व प्राध्यापकों एवं प्रतिष्ठित साहित्यकारों—महान कवि जानकी वल्लभ शास्त्री, प्रो. उमाकांत प्रलयंकर, प्रो. उदय सिंह, प्रो. जगन्नाथ पांडे, प्रो. इंद्रासन सिंह, प्रो. अवधेश्वर अरुण, प्रो. गोपेश्वर सिंह, प्रो. मदन कश्यप और प्रो. शेखर शंकर मिश्र सहित अन्य विद्वानों के दुर्लभ लेख और विरल कविताओं को भी स्थान दिया गया है। इसके अलावा वर्षभर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेलकूद प्रतियोगिताओं, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) और राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की गतिविधियों की झलक भी पत्रिका में शामिल की गई है। वहीं 'मीडिया की नजर में रामदयालु सिंह कॉलेज' शीर्षक कॉलम के माध्यम से वर्षभर की प्रमुख समाचार कवरेज और तस्वीरों का भी संकलन किया गया है।

बैठक में संपादकीय टीम के सदस्य प्रो. रमेश प्रसाद गुप्ता, डॉ. एम.एन. रजवी, सह-संपादक डॉ. अनुराधा पाठक, डॉ. अजमत अली, सहायक संपादक डॉ. सौरभ राज, डॉ. प्रियंका दीक्षित, डॉ. हसन रजा, डॉ. नीरज कुमार मिश्रा, डॉ. आरती कुमारी, डॉ. संध्या कुमारी सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।