राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के जन्मदिन पर पर्यावरण भारती ने किया वृक्षारोपण

  • Post By Admin on Jan 20 2026
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के जन्मदिन पर पर्यावरण भारती ने किया वृक्षारोपण

लखीसराय : राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के जन्मदिन के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पर्यावरण भारती द्वारा बिछबे, चानन, कियूल क्षेत्र में फलदार अमरूद का पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व पेड़ उपक्रम प्रमुख हिमालय ने किया।

इस अवसर पर पर्यावरण भारती के संस्थापक राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि भारत महापुरुषों की धरती है और जो लोग देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की बाजी लगाते हैं, वही भारत माता के सच्चे सपूत होते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ऐसे ही महान व्यक्तित्व हैं, जिनका जीवन राष्ट्रसेवा, साहस और समर्पण का प्रतीक है।

उन्होंने बताया कि अजीत डोभाल का जन्म 20 जनवरी 1945 को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के घीड़ी बेनल्स्यूँ गांव में हुआ था। अर्थशास्त्र में एमए करने के बाद वे केरल कैडर के आईपीएस अधिकारी बने और कम उम्र में कीर्ति चक्र से सम्मानित हुए। मिजोरम और पंजाब में सेवा देने के साथ-साथ 1988 में स्वर्ण मंदिर अमृतसर में उग्रवादियों के खिलाफ चलाए गए ऑपरेशन ब्लैक थंडर में उनकी भूमिका अहम रही। वर्ष 1999 के कंधार विमान अपहरण कांड में भी उन्होंने महत्वपूर्ण योगदान दिया।

राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि अजीत डोभाल ने भारत के इंटेलिजेंस ब्यूरो के निदेशक के रूप में भी सेवाएं दीं और पाकिस्तान में सात वर्षों तक मुस्लिम के वेश में रहकर खुफिया कार्य किया। सेवा निवृत्ति के बाद 30 मई 2014 को उन्हें देश का पांचवां राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार नियुक्त किया गया। पाकिस्तान में घुसकर ऑपरेशन सिंदूर को सफल बनाने में उनके नेतृत्व की सराहना की जाती है, जिसमें 100 से अधिक आतंकवादियों के मारे जाने की बात कही जाती है।

उन्होंने कहा कि अजीत डोभाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विश्वसनीय सहयोगी हैं और राष्ट्र सर्वोपरि के सिद्धांत पर कार्य करते हैं। सुरक्षा के प्रति उनकी सतर्कता का उदाहरण यह है कि वे आज भी मोबाइल और इंटरनेट का सीमित उपयोग करते हैं। ऐसे राष्ट्रभक्त के जन्मदिन पर पौधारोपण एक स्मरणीय और प्रेरणादायी कार्य है।

पौधारोपण कार्यक्रम में ज्ञाननाथ झा, रोहित कुमार, हिमालय, ओम संगम, अजय कुमार, दीपक कुमार, आर्यन अभिषेक, अक्षत राज सहित अन्य लोगों ने सहभागिता की।