बिहार को मिली राष्ट्रीय पहचान, नितिन नवीन की नियुक्ति पर कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न

  • Post By Admin on Jan 20 2026
बिहार को मिली राष्ट्रीय पहचान, नितिन नवीन की नियुक्ति पर कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न

लखीसराय : भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन को राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने की खुशी में सोमवार को लखीसराय में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार जश्न मनाया। नगर परिषद कार्यालय के समीप भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने आतिशबाज़ी की, मिठाइयाँ बाँटीं और एक-दूसरे को बधाई दी।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि नितिन नवीन को राष्ट्रीय स्तर की जिम्मेदारी मिलना बिहार के लिए गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक क्षण है। उन्होंने कहा कि यह चयन भाजपा की उस संगठनात्मक परंपरा को दर्शाता है, जिसमें समर्पण, संघर्ष और कार्यकर्ताओं के परिश्रम को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है।

मीडिया से बातचीत में जिलाध्यक्ष ने कहा कि जनसंघ काल से लेकर अब तक यह पहला अवसर है जब बिहार के किसी नेता को इतना महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व सौंपा गया है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘बिहारी अस्मिता’ और बिहार के कार्यकर्ताओं के निरंतर परिश्रम को मिला सम्मान बताया।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा साधारण कार्यकर्ताओं को शीर्ष नेतृत्व में स्थान देकर लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि नितिन नवीन के नेतृत्व में संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा पार्टी दिन-दोगुनी, रात-चौगुनी प्रगति करेगी।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने “भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद” के नारों के साथ अपनी खुशी व्यक्त की। अंत में जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने संपूर्ण लखीसराय जिले की ओर से नवनियुक्त राष्ट्रीय नेतृत्व को हार्दिक शुभकामनाएँ एवं बधाई दीं।

इस अवसर पर भाजपा महामंत्री सनोज साहू, नगर मंडल अध्यक्ष राजेश कुमार, रूपेश कुमार बंटी, विकास आनंद, संजय बंका, गौतम मंडल, विजय बंका, राजेश साव, अरविंद कुशवाहा, राजेश हरितवाल, बमबम कुमार, सुदामा सिंह, संजय मौर्य, प्रवेश शाह, मनोज गुप्ता सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।