अंतरराष्ट्रीय चन्द्रमा दिवस पर पर्यावरण भारती का पौधारोपण अभियान, लगाए 108 पौधे

  • Post By Admin on Jul 20 2026
अंतरराष्ट्रीय चन्द्रमा दिवस पर पर्यावरण भारती का पौधारोपण अभियान, लगाए 108 पौधे

लखीसराय : अंतरराष्ट्रीय चन्द्रमा दिवस के अवसर पर सोमवार को पर्यावरण भारती द्वारा रेलवे मैदान, वृन्दावन, किऊल में व्यापक पौधारोपण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत कुल 108 पौधे लगाए गए, जिनमें देव वृक्ष पीपल का 1, बेल के 93, जामुन के 6, नीम के 5 तथा बहेड़ा के 3 पौधे शामिल हैं। पौधारोपण अभियान का नेतृत्व हिमालय ने किया।

पर्यावरण भारती के संस्थापक राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं। वृक्षों से शुद्ध वायु, फल, फूल, औषधि, लकड़ी और छाया प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि वृक्ष वन्य जीवों को आश्रय और पक्षियों को प्राकृतिक आवास प्रदान करते हैं। साथ ही बढ़ते प्रदूषण को नियंत्रित करने, मिट्टी कटाव और भू-स्खलन रोकने, बाढ़ नियंत्रण तथा जलवायु परिवर्तन के प्रभाव को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने लोगों से बारिश के मौसम में अधिक से अधिक पौधारोपण करने और प्रत्येक व्यक्ति से अपने घर के आसपास कम से कम 10 पौधे लगाकर पांच वर्षों तक उनकी देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वृक्ष सुरक्षित भविष्य के लिए अमूल्य उपहार हैं और वैश्विक तापमान को संतुलित रखने के साथ वर्षा चक्र को भी प्रभावित करते हैं।

शैक्षणिक आयाम प्रांत प्रमुख शिक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र महासभा ने वर्ष 2021 में अंतरराष्ट्रीय चन्द्रमा दिवस घोषित किया था और पहली बार यह दिवस 20 जुलाई 2022 को मनाया गया। उन्होंने बताया कि 20 जुलाई 1969 को अपोलो-11 मिशन के तहत अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री नील आर्मस्ट्रांग और बज एल्ड्रिन पहली बार चन्द्रमा पर उतरे थे। इस दिवस का उद्देश्य अंतरिक्ष अन्वेषण, शांतिपूर्ण अंतरिक्ष सहयोग तथा चन्द्रमा के सतत उपयोग के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि ऐसे अवसर पर पौधारोपण अभियान प्रकृति संरक्षण का प्रेरणादायी संदेश देता है।

पौधारोपण अभियान में राकेश कुमार, अभिषेक कुमार, शिक्षक अरविंद कुमार, हिमालय, अक्षत राज, दीपक कुमार, राम बिलास शाण्डिल्य और प्रेम प्रकाश सहित कई पर्यावरण प्रेमियों ने भाग लिया।