लखीसराय में टीबी और डेंगू पर प्रशासन की सख्ती, डीएम ने तय किया एक्शन प्लान

  • Post By Admin on Jul 20 2026
लखीसराय में टीबी और डेंगू पर प्रशासन की सख्ती, डीएम ने तय किया एक्शन प्लान

लखीसराय : समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में सोमवार को जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में टीबी मुक्त भारत अभियान की समन्वय एवं समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए इसके प्रभावी संचालन के लिए विभिन्न प्रखंडों के वरीय पदाधिकारियों को एक-एक प्रखंड की जिम्मेदारी सौंपी गई।

समीक्षा के दौरान पाया गया कि लखीसराय प्रखंड को छोड़कर जिले के सभी प्रखंडों ने निर्धारित लक्ष्य हासिल कर लिया है। जिला पदाधिकारी ने लखीसराय शहरी क्षेत्र के सभी 33 वार्डों के लिए माइक्रोप्लान तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि उपलब्ध एएनएम, आंगनबाड़ी सेविकाओं एवं जनप्रतिनिधियों के सहयोग से शत-प्रतिशत साप्ताहिक लक्ष्य प्राप्त करना सुनिश्चित किया जाए। बैठक में निर्देश दिया गया कि सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तथा सदर अस्पताल में टीबी की स्क्रीनिंग नियमित रूप से की जाए। स्क्रीनिंग के बाद चिन्हित लोगों को एक्स-रे एंबुलेंस के माध्यम से एक्स-रे केंद्र तक पहुंचाकर जांच कराना सुनिश्चित किया जाए।

जिला पदाधिकारी ने वरीय प्रभारियों को अपने-अपने प्रखंडों की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया। साथ ही प्रत्येक प्रखंड में पांच एनसीसी कैडेट और पांच 'माय भारत' स्वयंसेवकों को जागरूकता अभियान में लगाने तथा टीबी मरीजों को निक्षय मित्र योजना के तहत फूड बास्केट उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि नाट टेस्ट, एक्स-रे, डिफरेंशिएटेड टीबी केयर और टीबी प्रिवेंटिव ट्रीटमेंट से संबंधित सभी सूचकांकों पर विशेष ध्यान दिया जाए। टीबी मरीजों के परिजनों की पहचान कर उन्हें आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा सभी आंकड़ों की रियल टाइम एंट्री अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए।

बैठक में डेंगू की रोकथाम को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। जिला पदाधिकारी ने कहा कि जुलाई और अगस्त को एक्टिव डेंगू मंथ के रूप में अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि तेज बुखार, सिरदर्द या डेंगू के अन्य लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल में जांच कराएं, जहां जांच और उपचार की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध है। डेंगू की रोकथाम के लिए नगर परिषद क्षेत्र में फॉगिंग एवं लार्विसाइड का छिड़काव तेज करने का निर्देश दिया गया। बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि नगर क्षेत्र में नियमित रूप से फॉगिंग कराई जा रही है।

जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि उन्हें सौंपे गए दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करें तथा सतत अनुश्रवण के माध्यम से टीबी एवं डेंगू की रोकथाम तथा संक्रमित मरीजों के समय पर उपचार को सुनिश्चित करें।