राष्ट्रीय ध्वज अंगीकरण दिवस पर पर्यावरण भारती का पौधारोपण, हर घर को नर्सरी बनाने का आह्वान

  • Post By Admin on Jul 22 2026
राष्ट्रीय ध्वज अंगीकरण दिवस पर पर्यावरण भारती का पौधारोपण, हर घर को नर्सरी बनाने का आह्वान

लखीसराय : राष्ट्रीय ध्वज अंगीकरण दिवस के अवसर पर मंगलवार को पर्यावरण भारती द्वारा बिछवे, कियूल एवं चानन क्षेत्र में पौधारोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान देववृक्ष पीपल के दो, बरगद का एक तथा आम के दो पौधे लगाए गए। कार्यक्रम का नेतृत्व शिक्षक अरविंद कुमार ने किया।

इस अवसर पर पर्यावरण भारती के संस्थापक, पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के प्रांत संयोजक एवं अखिल भारतीय पेड़ उपक्रम टोली के सदस्य राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के सबसे बड़े संरक्षक हैं। वृक्ष न केवल शुद्ध ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभाव को कम करने और जैव विविधता के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने लोगों से अपने घरों के आसपास अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और फलों के प्राकृतिक बीजों का संग्रह कर वर्षा ऋतु में उनका बीजारोपण करने की अपील की। उनका कहना था कि यदि प्रत्येक परिवार कम से कम दस बीजों का रोपण करे तो हर घर एक छोटी नर्सरी बन सकता है।

राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि वृक्षों के प्रति अपनापन विकसित होने से लोग हरे-भरे पेड़ों की कटाई से बचेंगे। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा साझा किए गए उस संस्मरण का भी उल्लेख किया, जिसमें उनके पिता सूखे पेड़ को काटने से पहले भी उसे प्रणाम कर क्षमा मांगते थे, जबकि हरे पेड़ों की कभी कटाई नहीं करते थे। उन्होंने इसे प्रकृति के प्रति सम्मान और ममत्व का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि तेजी से बढ़ते शहरीकरण के कारण भविष्य में स्वच्छ ऑक्सीजन की उपलब्धता एक बड़ी चुनौती बन सकती है। पर्यावरणविदों के अनुसार एक बड़ा वृक्ष प्रतिदिन लगभग 22 पाउंड कार्बन डाइऑक्साइड अवशोषित करता है। इसलिए आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान शैक्षणिक आयाम के प्रांत प्रमुख अरविंद कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज अंगीकरण दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 22 जुलाई 1947 को संविधान सभा ने तिरंगे को भारत के राष्ट्रीय ध्वज के रूप में अपनाया था। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता का प्रतीक है तथा इसका सम्मान प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज अंगीकरण दिवस पर पौधारोपण जैसे कार्यक्रम राष्ट्र और प्रकृति दोनों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का संदेश देते हैं। पौधारोपण अभियान में राम बिलास शाण्डिल्य, अरविंद कुमार, प्रेम प्रकाश महतो, बादल महतो, सागर महतो, रघुवंश प्रसाद सहित कई लोगों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।