भ्रामक खबरों पर जिला प्रशासन की पैनी नजर, मीडिया मॉनिटरिंग कोषांग गठित

  • Post By Admin on Jul 22 2026
भ्रामक खबरों पर जिला प्रशासन की पैनी नजर, मीडिया मॉनिटरिंग कोषांग गठित

लखीसराय : जिले में सोशल मीडिया, डिजिटल, प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पर प्रसारित होने वाली खबरों की निगरानी तथा भ्रामक एवं तथ्यहीन समाचारों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने 'मीडिया मॉनिटरिंग-सह-मीडिया प्रबंधन कोषांग' का गठन किया है। जिला पदाधिकारी के आदेश पर गठित इस पांच सदस्यीय कोषांग की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त करेंगे।

मुख्य सचिव, बिहार के निर्देश के आलोक में गठित इस कोषांग का उद्देश्य सरकार की योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का प्रभावी प्रचार-प्रसार, मीडिया समन्वय, जनभावनाओं का अनुश्रवण तथा गलत एवं भ्रामक खबरों का समयबद्ध सत्यापन और खंडन सुनिश्चित करना है। जिला पदाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार उप विकास आयुक्त को कोषांग का अध्यक्ष बनाया गया है। पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) और पुलिस उपाधीक्षक (साइबर) को सदस्य, वरीय उपसमाहर्ता श्री शशि कुमार को सदस्य तथा जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को नोडल पदाधिकारी नामित किया गया है।

कोषांग विभिन्न विभागों की योजनाओं, उपलब्धियों और जनहितकारी कार्यक्रमों के प्रचार-प्रसार के साथ-साथ मीडिया संस्थानों से समन्वय स्थापित करेगा। इसके अलावा प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया में प्रकाशित एवं प्रसारित खबरों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। किसी भी नकारात्मक या विवादित खबर के संबंध में संबंधित विभाग से तथ्य प्राप्त कर उसका खंडन संबंधित मीडिया माध्यमों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जारी कराया जाएगा।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भ्रामक एवं तथ्यहीन खबरों के मामलों को आगे की कार्रवाई के लिए जिला साइबर पुलिस को भेजा जाएगा। साइबर सेल ऐसे मामलों में संबंधित सोशल मीडिया हैंडल या पोस्ट हटाने की कार्रवाई करेगा तथा आवश्यक होने पर प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई भी सुनिश्चित करेगा। कोषांग द्वारा किए गए कार्यों की पाक्षिक रिपोर्ट सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, बिहार को भेजी जाएगी। जिला पदाधिकारी ने इस व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने का निर्देश दिया है।