विश्व युवा कौशल दिवस पर पर्यावरण भारती ने किया पौधारोपण, प्रकृति संरक्षण का लिया संकल्प

  • Post By Admin on Jul 15 2026
विश्व युवा कौशल दिवस पर पर्यावरण भारती ने किया पौधारोपण, प्रकृति संरक्षण का लिया संकल्प

लखीसराय : विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर चानन प्रखंड के मननपुर में पर्यावरण भारती की ओर से फलदार जामुन के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। पौधारोपण अभियान का नेतृत्व शक्ति कुमार महतों ने किया, जबकि हिमालय झा ने इसमें सहयोग किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पर्यावरण भारती के संस्थापक, पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के प्रांत संयोजक एवं अखिल भारतीय पेड़ उपक्रम टोली के सदस्य राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि भारत की प्राचीन परंपरा प्रकृति के संरक्षण पर आधारित रही है। उन्होंने कहा कि पहले एक पेड़ काटने पर उसके बदले दस नए पेड़ लगाने की परंपरा थी, जिससे पर्यावरण का संतुलन बना रहता था। उन्होंने कहा कि प्राचीन भारत में प्रकृति के साथ संतुलित जीवनशैली होने के कारण ग्लोबल वार्मिंग और बादल फटने जैसी गंभीर प्राकृतिक आपदाएं देखने को नहीं मिलती थीं। उन्होंने सम्राट अशोक के समय ग्रैंड ट्रंक रोड के दोनों किनारों पर बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण का उल्लेख करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण भारतीय संस्कृति का अभिन्न हिस्सा रहा है। उन्होंने औद्योगिक क्रांति के बाद बढ़ते प्रदूषण और उपभोक्तावादी जीवनशैली को पर्यावरण असंतुलन का प्रमुख कारण बताते हुए लोगों से प्रकृति के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने की अपील की।

पर्यावरणविद दिनेश गुप्ता ने विश्व युवा कौशल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि संयुक्त राष्ट्र महासभा के निर्णय के बाद वर्ष 2015 से प्रत्येक वर्ष 15 जुलाई को यह दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 की थीम 'साझा भविष्य के लिए कौशल (Skills for a Shared Future)' है, जिसका उद्देश्य युवाओं को रोजगार, उद्यमिता और सतत विकास के लिए आवश्यक कौशल के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं के लिए डिजिटल तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), हरित तकनीक के साथ संवाद कौशल, नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच और सहयोग जैसे मानवीय गुण भी समान रूप से आवश्यक हैं। ऐसे अवसर पर पौधारोपण जैसी गतिविधियां पर्यावरण संरक्षण के साथ सामाजिक जिम्मेदारी का भी संदेश देती हैं।

कार्यक्रम में सरिता शंकर, माधव दास, रंजीत महतों, शक्ति कुमार महतों, दिनेश गुप्ता, राम बिलास शाण्डिल्य, योगेंद्र साह, मतलू, हिमालय झा सहित कई पर्यावरण प्रेमियों ने भाग लेकर पौधारोपण अभियान को सफल बनाया।