लखीसराय में शराब के खिलाफ कार्यवाई तेज, छापेमारी में 22.5 लीटर देसी शराब जब्त
- Post By Admin on Jul 15 2026
लखीसराय : जिले में शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। 14 जुलाई को विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए छापेमारी अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 22.5 लीटर चुलाई शराब बरामद की तथा शराब कारोबार और सेवन के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया।
महानिरीक्षक थाना द्वारा जारी छापेमारी प्रतिवेदन के अनुसार, सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रणवीर कुमार यादव को 15 लीटर चुलाई शराब और एक दोपहिया वाहन के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार वह शराब बेचने के कारोबार में संलिप्त था।
वहीं, कबैया थाना क्षेत्र के मां कैलाश नगर में छापेमारी के दौरान चंदन कुमार के पास से चार लीटर चुलाई शराब बरामद की गई। उस पर अवैध शराब बेचने का आरोप है। इसके अलावा लखीसराय थाना क्षेत्र के श्याम टोला में पुलिस ने लड्डो तांती को 3.5 लीटर चुलाई शराब के साथ गिरफ्तार किया। वहीं, टिकु महतो और इन्द्रजीत कुमार को शराब सेवन के आरोप में हिरासत में लिया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।