सावित्रीबाई फुले जयंती पर छात्राओं ने लिया बाल विवाह मुक्त भारत का संकल्प
- Post By Admin on Jan 03 2026
लखीसराय : महिला एवं बाल विकास निगम, लखीसराय के तत्वावधान में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, टाइप फोर, शर्मा, रामगढ़ चौक में देश की प्रथम महिला शिक्षिका सावित्रीबाई फुले की जयंती के अवसर पर 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता सह शपथ कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. मनोज कुमार सिन्हा ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. सिन्हा, हब के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार, सखी वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक पूनम कुमारी एवं विद्यालय की वार्डन सह शिक्षिका वीणा भारती द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. मनोज कुमार सिन्हा ने बाल विवाह मुक्त भारत अभियान तथा मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना के अंतर्गत संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बालिकाओं को शिक्षा के साथ-साथ आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का संचालन कर रहे जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने सावित्रीबाई फुले के संघर्षपूर्ण जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने सामाजिक विरोध और अपमान सहकर भी बालिका शिक्षा की नींव रखी। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे संकल्प लें कि न स्वयं बाल विवाह करेंगी और न ही किसी को करने देंगी, तभी विकसित भारत का सपना साकार होगा।
सखी वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक पूनम कुमारी ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा पर जोर देते हुए घरेलू हिंसा के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने सखी वन स्टॉप सेंटर की कार्यप्रणाली तथा महिला हेल्पलाइन नंबर 181 की जानकारी साझा की। साथ ही छात्राओं को स्वच्छता प्रबंधन किट्स के महत्व से भी अवगत कराया।
कार्यक्रम के समापन से पूर्व उपस्थित सभी छात्राओं एवं अतिथियों ने सामूहिक रूप से बाल विवाह रोकने की शपथ ली। इसके पश्चात छात्राओं के बीच स्वच्छता प्रबंधन किट्स का वितरण किया गया। अंत में विद्यालय की वार्डन वीणा भारती ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम में विद्यालय की बड़ी संख्या में छात्राएं एवं कर्मी उपस्थित रहे।