युवक की निर्मम हत्या, पांच गोलियों से छलनी मिला शव

  • Post By Admin on Jan 03 2026
युवक की निर्मम हत्या, पांच गोलियों से छलनी मिला शव

लखीसराय : जिले के पिपरिया थाना क्षेत्र में अपराधियों ने बेखौफ होकर एक युवक की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी। बदमाशों ने युवक के शरीर पर एक-दो नहीं, बल्कि पांच गोलियां दागीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह सनसनीखेज वारदात पिपरिया थाना क्षेत्र के रामचंद्रपुर कोईलवर दियारा इलाके में सामने आई है।

मृतक की पहचान मोहनपुर गांव निवासी स्वर्गीय राजेश सिंह के 25 वर्षीय पुत्र पीयूष कुमार के रूप में की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीयूष कुमार शुक्रवार दोपहर अपने घर से खेत की ओर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने पहले अपने स्तर से उसकी काफी तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो पिपरिया थाना पुलिस को इसकी सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन संयुक्त रूप से खोजबीन में जुटे और कोईलवर दियारा क्षेत्र पहुंचे, जहां पीयूष कुमार का क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने पीयूष के सिर, गर्दन सहित शरीर के अन्य हिस्सों में पांच गोलियां मारी थीं, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लखीसराय सदर अस्पताल भेज दिया है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।