गणतंत्र दिवस पर जीविका की झांकी बनी आकर्षण का केंद्र, दीदी अधिकार केंद्र की अनोखी प्रस्तुति

  • Post By Admin on Jan 27 2026
गणतंत्र दिवस पर जीविका की झांकी बनी आकर्षण का केंद्र, दीदी अधिकार केंद्र की अनोखी प्रस्तुति

लखीसराय : 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर लखीसराय जिला के गांधी मैदान में आयोजित झांकी प्रदर्शनी में जीविका द्वारा प्रस्तुत सामाजिक विकास विधा अंतर्गत दीदी अधिकार केंद्र पर आधारित भव्य झांकी सभी के आकर्षण का केंद्र बनी रही।

झांकी के माध्यम से महिलाओं के अधिकार, लैंगिक हिंसा के खिलाफ संघर्ष, समानता का अधिकार तथा सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। इसमें यह दर्शाया गया कि किस प्रकार दीदी अधिकार केंद्र के माध्यम से पीड़ित महिलाओं को न्याय, परामर्श और संरक्षण प्रदान किया जा रहा है।

झांकी के पहले भाग में जीविका दीदियों द्वारा नई चेतना अभियान – एक पहल बदलाव की ओर सहित चलाए जा रहे जागरूकता कार्यक्रमों, महिला स्वावलंबन और सशक्तिकरण की झलक दिखाई गई। वहीं दूसरे भाग में लैंगिक हिंसा की समस्या और उसके समाधान के रूप में दीदी अधिकार केंद्र की भूमिका को नाटकीय अंदाज में प्रस्तुत किया गया।

गांधी मैदान में कुल 14 झांकियां निकाली गईं, जिनमें जीविका की झांकी को सबसे अधिक सराहना मिली। उल्लेखनीय है कि प्रारंभ में इसे 10वें क्रम पर रखा गया था, लेकिन दर्शकों और आयोजन समिति की प्राथमिकता के कारण इसे दूसरे क्रम पर स्थान दिया गया।

इस झांकी को सफल बनाने में सर्वोदय जीविका महिला संकुल स्तरीय संघ, लखीसराय की जीविका दीदियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। झांकी का नेतृत्व जिला परियोजना प्रबंधक श्रीमती अनीता कुमारी ने किया।

प्रस्तुति में जीविका के जिला एवं प्रखंड स्तरीय कर्मियों ने सराहनीय योगदान दिया। इसके साथ ही जिला कार्यालय, प्रखंड कार्यालय एवं सभी सामुदायिक संगठनों में जीविका दीदियों द्वारा ध्वजारोहण भी किया गया।