माघ शुक्ल सप्तमी पर नवयुवक छात्र ने संघ ने श्रद्धा पूर्वक किया कन्या पूजन

  • Post By Admin on Jan 25 2026
माघ शुक्ल सप्तमी पर नवयुवक छात्र ने संघ ने श्रद्धा पूर्वक किया कन्या पूजन

लखीसराय : नगर परिषद सूर्यगढ़ा के वार्ड संख्या 14 में श्री–श्री 108 नवयुवक छात्र संघ सरस्वती पूजा समिति के तत्वावधान में माघ शुक्ल सप्तमी के पावन अवसर पर कन्या पूजन कार्यक्रम श्रद्धा और सनातन परंपरा के अनुरूप भव्य रूप से संपन्न हुआ। यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ समाज में नारी सम्मान और सांस्कृतिक चेतना का जीवंत संदेश देता नजर आया।

कार्यक्रम की शुरुआत पंडित पवन पाण्डेय द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आचारी अनुराग आनंद को संकल्प दिलाकर कराई गई। इसके पश्चात नौ कन्याओं का विधिवत पूजन किया गया। श्रद्धालुओं ने बालिकाओं को देवी स्वरूप मानते हुए उनके चरण पखारे, तिलक किया, हाथ-पैरों में रंग लगाया तथा उन्हें प्रसाद, दक्षिणा, कॉपी-कलम और लाल चुनरी भेंट कर सम्मानित किया।

पूरे पूजा स्थल में भक्ति और आस्था का माहौल व्याप्त रहा। कन्या पूजन के दौरान श्रद्धालुओं ने कन्याओं में निहित शक्ति, करुणा और पवित्रता का अनुभव किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं नगरवासियों की उपस्थिति रही, जिससे आयोजन की भव्यता और बढ़ गई।

समिति के अध्यक्ष आरूष कुमार तथा सदस्य शुभम कुमार, आदित्य आनंद, अमन कुमार, मयंक कुमार, आदर्श राज और प्रभाकर कुमार ने संयुक्त रूप से बताया कि इस प्रकार के आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि कन्या पूजन केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि समाज में नारी शक्ति के सम्मान, संरक्षण और सशक्तिकरण का प्रतीक है।