कांवरियों के विश्राम के लिए अशोक धाम में नया यात्री शेड, ग्रामीणों को मिली पक्की सड़क की सौगात

  • Post By Admin on Aug 02 2026
कांवरियों के विश्राम के लिए अशोक धाम में नया यात्री शेड, ग्रामीणों को मिली पक्की सड़क की सौगात

लखीसराय : बिहार सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने रविवार को विश्व प्रसिद्ध बाबा अशोक धाम मंदिर परिसर में कांवरियों की सुविधा के लिए निर्मित यात्री शेड का उद्घाटन किया। इससे पूर्व उन्होंने राजकीय पॉलिटेक्निक, लखीसराय में आयोजित “नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान” में भाग लिया।

अशोक धाम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने कहा कि श्रावणी मेला में दूर-दराज़ से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि नव-निर्मित यात्री शेड में कांवरियों के विश्राम के साथ निःशुल्क पेयजल एवं शर्बत की व्यवस्था की गई है, जिससे विशेषकर वर्षा के मौसम में आने वाले श्रद्धालुओं को काफी राहत मिलेगी।

इसके बाद कृषि मंत्री ने डुमरी गांव में ₹14.90 लाख की लागत से निर्मित पीसीसी सड़क का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचनाओं का सुदृढ़ीकरण सरकार की प्राथमिकता है और सड़क निर्माण से स्थानीय लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। इससे क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी नई गति प्राप्त होगी।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह, नगर उपाध्यक्ष शिव शंकर राम, जिला मंत्री हिमांशु पटेल, जिला मीडिया प्रभारी अजय कुशवाहा सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में ग्रामीण तथा श्रद्धालु उपस्थित रहे।