बैलून उड़ाकर दिया नशामुक्ति का संदेश, लखीसराय में ‘विकसित भारत संकल्प अभियान’ की शुरुआत
- Post By Admin on Aug 02 2026
लखीसराय : भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तहत “नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान” का शुभारंभ रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया। लखीसराय जिले में इसका जिला स्तरीय उद्घाटन राजकीय पॉलिटेक्निक, लखीसराय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ बिहार सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार तथा अन्य अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत के सामूहिक गायन के साथ कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत हुई। नशा मुक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से कार्यक्रम में प्रतीकात्मक रूप से बैलून भी छोड़े गए। उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक इसमें भाग लिया।
कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार सरकार युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त समाज ही सशक्त और विकसित राष्ट्र की आधारशिला है। युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति सजग रहते हुए नशे से दूर रहना चाहिए। जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने कहा कि अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशा मुक्ति के प्रति जागरूक करना और विकसित भारत के निर्माण में उनकी सकारात्मक भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि नशा समाज के विकास में बड़ी बाधा है और इसे समाप्त करने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का लाइव प्रसारण भी किया गया, जिसे जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, शिक्षकों तथा छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से देखा और सुना। अंत में कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से नशा मुक्ति की शपथ ग्रहण की। बिहार गीत के सामूहिक गायन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।इस अवसर पर जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, मीडिया प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।