स्व. डॉ. रण सिंह परमार की 74वीं जयंती पर राष्ट्रीय वेबिनार, युवा नेतृत्व पर हुआ मंथन

  • Post By Admin on Jul 18 2026
स्व. डॉ. रण सिंह परमार की 74वीं जयंती पर राष्ट्रीय वेबिनार, युवा नेतृत्व पर हुआ मंथन

मुजफ्फरपुर : सामाजिक संगठन 'प्रयत्न' एवं राष्ट्रीय युवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को राष्ट्रीय युवा योजना एवं महात्मा गांधी सेवा आश्रम, जौरा (मध्य प्रदेश) के पूर्व सचिव स्व. डॉ. रण सिंह परमार की 74वीं जयंती के अवसर पर "राष्ट्रीय एकता, शांति, सद्भाव और युवा नेतृत्व" विषय पर राष्ट्रीय वेबिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ताओं और युवाओं ने ऑनलाइन भाग लेकर अपने विचार साझा किए।

वेबिनार के मुख्य वक्ता ओडिशा के प्रख्यात सामाजिक युवा कार्यकर्ता श्री मधुसूदन दास ने कहा कि भारत विविधताओं का देश है, जहां अलग-अलग भाषा, वेशभूषा और धर्म के लोग सद्भाव के साथ रहते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत बनाने की जिम्मेदारी युवाओं को अपने हाथों में लेनी होगी। समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए पहले स्वयं को बदलना और फिर दूसरों को प्रेरित करना आवश्यक है। उन्होंने अपने संबोधन में स्व. डॉ. रण सिंह परमार के सामाजिक जीवन और योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन जल, जंगल, जमीन, युवाओं के उत्थान तथा चंबल क्षेत्र के आत्मसमर्पित बागियों के पुनर्वास के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने डॉ. परमार के "हर घर शांति, हर घर कार्य" के संकल्प और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए गए कार्यों की भी सराहना की। साथ ही बताया कि उन्होंने आदरणीय डॉ. एस. सुब्बाराव के सामाजिक अभियानों को प्रभावी नेतृत्व के साथ आगे बढ़ाया।

कार्यक्रम के दौरान सामाजिक संगठन 'प्रयत्न' के संस्थापक श्री प्रभात कुमार ने मुख्य वक्ता श्री मधुसूदन दास को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने स्व. डॉ. रण सिंह परमार को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके सामाजिक योगदान को प्रेरणास्रोत बताया।

वेबिनार में श्री प्रचंड जायसवाल, महात्मा गांधी सेवा आश्रम, जौरा के श्री दिलीप जैन, श्री देबाशीष मजूमदार, श्री विश्वात्मा द्विजेन्द्र, श्री मुकेश चंद्र झा, श्री दिलीप कुमार जैन, श्री अशोक कुमार व्यास, श्री सतीश मिश्रा, श्री केशव पांडेय, श्री विकास, श्री अमित चौधरी, श्री विवेक कुमार और श्री रोहित कुमार सहित देश के विभिन्न राज्यों से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए स्व. डॉ. परमार को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के अंत में श्री अनूप परमार ने सभी प्रतिभागियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए युवाओं से सामाजिक सरोकारों से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।