DM के औचक निरीक्षण में खुली स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल, बंद मिला बड़हिया CHC

  • Post By Admin on Jul 18 2026
DM के औचक निरीक्षण में खुली स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल, बंद मिला बड़हिया CHC

लखीसराय : जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने शुक्रवार रात 7:58 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), बड़हिया का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल का मुख्य द्वार बंद मिला, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े हो गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि दोपहर 3 बजे के बाद अधिकांश चिकित्सक अस्पताल छोड़कर चले जाते हैं, जिससे मरीजों को इलाज के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

निरीक्षण में यह भी सामने आया कि अस्पताल की आपातकालीन सेवाएं प्रभावी ढंग से संचालित नहीं हो रही हैं। चिकित्सकों की अनुपस्थिति के कारण मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल पा रहा है। रोस्टर की जांच में पाया गया कि शनिवार को रात 8 बजे तक डॉ. मनीष साहू और डॉ. वंदना कुमारी की ड्यूटी निर्धारित थी, जबकि उसके बाद डॉ. मनीष साहू की ड्यूटी थी। जिला पदाधिकारी के संज्ञान में यह भी आया कि एक ही चिकित्सक कई शिफ्टों में अन्य चिकित्सकों के स्थान पर ड्यूटी कर रहे हैं तथा त्रुटिपूर्ण रोस्टर तैयार किया गया है।

जिला पदाधिकारी ने सिविल सर्जन को पूरे रोस्टर की जांच कर संबंधित चिकित्सकों से स्पष्टीकरण लेने तथा आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही अस्पताल परिसर के बाहर सभी चिकित्सकों का ड्यूटी रोस्टर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने को कहा, ताकि आम नागरिकों को उपलब्ध चिकित्सकों की जानकारी मिल सके। निरीक्षण के दौरान यह भी जानकारी मिली कि अस्पताल का संचालन अधिकृत नवनिर्मित भवन के बजाय पुराने रेफरल अस्पताल परिसर में अनधिकृत रूप से किया जा रहा है। इस पर जिला पदाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए तत्काल स्पष्टीकरण मांगने और दोषियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उन्होंने निर्देश दिया कि 18 जुलाई 2026 से आपातकालीन सेवाओं का संचालन नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन में अनुमोदित चिकित्सकों के रोस्टर के अनुसार नियमित रूप से सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा नगर परिषद, बड़हिया के कार्यपालक पदाधिकारी को निर्देशित किया गया कि नए भवन में जल्द से जल्द 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि क्षेत्र के लोगों को निर्बाध चिकित्सा सुविधा मिल सके।

निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी बड़हिया सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं स्थानीय ग्रामीण भी उपस्थित रहे।