राष्ट्र सेवा दल के जागरूकता अभियान में सामाजिक सद्भाव और संवैधानिक मूल्यों पर जोर
- Post By Admin on May 19 2026
मुजफ्फरपुर : राष्ट्र सेवा दल द्वारा आयोजित चार दिवसीय कार्यक्रम के तीसरे दिन मंगलवार को राधा देवी बालिका उच्च विद्यालय, सिकंदरपुर में संविधान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्र सेवा दल के पूर्व महामंत्री शाहिद कमाल ने की। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को संविधान, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव के प्रति जागरूक किया गया।
शाहिद कमाल ने राष्ट्र सेवा दल के इतिहास और उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को अनुशासित बनाना, देश सेवा के लिए तैयार करना तथा राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र सेवा दल युवाओं को वैचारिक एवं सामाजिक शिक्षा देने के साथ-साथ ग्रामीण विकास और जन-जागरूकता के कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाता है। शांति सेना मुजफ्फरपुर के संयोजक सोनू सरकार ने भारतीय संविधान की विशेषताओं की जानकारी देते हुए कहा कि संविधान सभी नागरिकों को समान अवसर, धार्मिक स्वतंत्रता और सम्मान का अधिकार प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है, जहां जनता अपने प्रतिनिधियों का चुनाव करती है और सरकार जनता की इच्छा से संचालित होती है।
कार्यक्रम में महाराष्ट्र से आए विषय विशेषज्ञ आकाश इंगले एवं शुभम चोगेल ने गीत-संगीत और खेल गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को संविधान की मूल भावना से अवगत कराया। वहीं सरला श्रीवास सोशल कल्चरल रिसर्च फाउंडेशन के सचिव एवं लोक कलाकार सुनील कुमार ने गीत-संगीत के जरिए विद्यार्थियों को संविधान पढ़ने और समझने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में संगीत शिक्षक चंद्रशेखर ने धन्यवाद ज्ञापन किया। समारोह में विद्यालय परिवार एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।