नई शिक्षा नीति के तहत भारतीय भाषा समर कैंप का आयोजन, 250 छात्र-छात्राओं ने लिया भाग
- Post By Admin on May 19 2026
लखीसराय : पी.एम. श्री प्लस टू उच्च विद्यालय, खुटहा में नई शिक्षा नीति 2020 के आलोक में आयोजित भारतीय भाषा समर कैंप का भव्य समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। छह दिनों तक चले इस शिविर में छात्र-छात्राओं ने निबंध, भाषण, सुलेख, पेंटिंग, पठन-पाठन एवं विभिन्न भाषाई गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक भागीरथ झा ने की, जबकि संचालन विद्यालय के वरीय विशिष्ट शिक्षक एवं राज्य स्तरीय साधन सेवी डॉ. मनोज कुमार चौधरी के निर्देशन में संपन्न हुआ। आयोजन को सफल बनाने में हिंदी शिक्षक विजेंद्र कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समारोह में लगभग 250 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत छात्रा राधा कुमारी द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुई। डॉ. मनोज कुमार चौधरी ने भारतीय भाषाओं के संरक्षण एवं मातृभाषा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भाषा हमारी संस्कृति और पहचान की आत्मा है। वहीं हिंदी शिक्षक विजेंद्र कुमार ने पुरस्कार प्राप्त छात्र-छात्राओं की सूची प्रस्तुत की।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल देकर सम्मानित किया गया तथा सभी बच्चों के बीच बैग एवं कॉपी का वितरण किया गया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को भारतीय भाषाओं के सम्मान एवं संरक्षण की शपथ दिलाई गई और राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं में जुनजुन कुमार, बेलाल अहमद, विकास कुमार, रतन कुमार, धीरेंद्र कुमार, बुलबुल कुमार, मृगांक कुमार, कुमारी ज्योति, सत्यम कुमार, कृष्ण देव मांझी, मौसम कुमार एवं पप्पू कुमार सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे।