15 अगस्त तक चलेगा MY Bharat जागरूकता अभियान, जिला स्तरीय कार्ययोजना पर चर्चा

  • Post By Admin on Jul 25 2026
15 अगस्त तक चलेगा MY Bharat जागरूकता अभियान, जिला स्तरीय कार्ययोजना पर चर्चा

मुजफ्फरपुर: मेरा युवा भारत (MY Bharat) कार्यक्रम के तहत शनिवार को मुजफ्फरपुर में जिला सलाहकार समिति (District Advisory Committee) की बैठक जिला उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और युवा सशक्तिकरण के साथ-साथ MY Bharat से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान अधिकारियों को MY Bharat की अवधारणा, उद्देश्य तथा जिला सलाहकार समिति की भूमिका और जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई। साथ ही कार्यक्रम की कार्यप्रणाली और इसके माध्यम से युवाओं को मिलने वाले अवसरों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण भी किया गया।

बैठक का प्रमुख एजेंडा 1 जुलाई से 15 अगस्त 2026 तक चलाए जा रहे सघन MY Bharat पंजीकरण एवं जन-जागरूकता अभियान को सफल बनाना रहा। इस दौरान जिला स्तर पर निर्धारित लक्ष्यों, कार्ययोजना और क्रियान्वयन रणनीति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने युवाओं को अधिक से अधिक संख्या में MY Bharat पोर्टल से जोड़ने, जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन और विभिन्न सरकारी विभागों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की। बैठक में अभियान को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए समन्वित प्रयास करने का आह्वान किया गया।

बैठक में जिला उप विकास आयुक्त के अलावा सिविल सर्जन, जिला खेल पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस), जिला संस्कृति पदाधिकारी, जिला नियोजन पदाधिकारी, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सहायक शाखा पदाधिकारी श्री चंदेश्वर पाण्डेय ने सभी अधिकारियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अभियान को सफल बनाने के लिए सामूहिक सहयोग की अपील की।