मुजफ्फरपुर के बाबा गरीबनाथ मंदिर का होगा कायाकल्प, 6.19 करोड़ रुपये से बनेगा कॉरिडोर
- Post By Admin on Jul 28 2026
मुजफ्फरपुर: बिहार के प्रसिद्ध बाबा गरीबनाथ धाम के विकास को लेकर लंबे समय से प्रतीक्षित कॉरिडोर परियोजना को राज्य सरकार की मंजूरी मिल गई है। बुद्ध सर्किट और राम सर्किट की तर्ज पर अब बाबा गरीबनाथ मंदिर का भी व्यापक कायाकल्प किया जाएगा। सरकार ने कॉरिडोर परियोजना के पहले चरण के लिए 6.19 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं, जबकि पहली किस्त के रूप में 2 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं। परियोजना को एक वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
कॉरिडोर के प्रथम चरण में मंदिर के शिखर और अग्रभाग का सौंदर्यीकरण, मुख्य प्रवेश द्वार का विकास, आधुनिक शौचालयों का निर्माण तथा साहू पोखर का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इसके अलावा मंदिर परिसर में आकर्षक लाइटिंग व्यवस्था विकसित की जाएगी और श्रद्धालुओं के लिए आरती डेक का भी निर्माण होगा, जिससे धार्मिक आयोजनों का अनुभव और बेहतर बनाया जा सके। योजना के तहत दो भव्य प्रवेश द्वार भी बनाए जाएंगे। पहला मुख्य प्रवेश द्वार गांधी चौक की ओर से होगा, जबकि दूसरा प्रवेश द्वार साहू पोखर के समीप विकसित किया जाएगा। इससे श्रद्धालुओं के आवागमन को अधिक सुगम और व्यवस्थित बनाया जा सकेगा।
बिहार का देवघर कहे जाने वाले बाबा गरीबनाथ मंदिर में विशेषकर सावन माह की सोमवारी पर तीन से चार लाख श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। वर्तमान में भारी भीड़ के कारण श्रद्धालुओं को कई तरह की असुविधाओं का सामना करना पड़ता है। कॉरिडोर बनने के बाद दर्शन व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित होगी और श्रद्धालुओं को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।इस परियोजना से धार्मिक पर्यटन को भी नई गति मिलने की उम्मीद है। स्थानीय स्तर पर होटल, परिवहन, प्रसाद, फूल-माला, पूजा सामग्री तथा अन्य छोटे-बड़े कारोबार को बढ़ावा मिलेगा, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। माना जा रहा है कि बाबा गरीबनाथ कॉरिडोर मुजफ्फरपुर को धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
•खबर की तस्वीर केवल सांकेतिक है..