एनीमेशन, वीएफएक्स और गेमिंग में अब बिहार के युवाओं को मिलेगा स्थानीय प्रशिक्षण

  • Post By Admin on Jul 28 2026
एनीमेशन, वीएफएक्स और गेमिंग में अब बिहार के युवाओं को मिलेगा स्थानीय प्रशिक्षण

पटना: बिहार के युवाओं के लिए डिजिटल क्रिएटिव इंडस्ट्री में करियर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए पटना में बिहार की पहली रिलायंस एनीमेशन अकादमी का शुभारंभ किया गया। एफके मीडिया एंड प्रोडक्शन्स द्वारा संचालित इस अकादमी का उद्देश्य एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स (वीएफएक्स), गेमिंग, ग्राफिक डिज़ाइन, यूआई/यूएक्स और डिजिटल मीडिया जैसे तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों में युवाओं को उद्योग आधारित प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है।

उद्घाटन समारोह में शिक्षा, उद्योग और मीडिया जगत से जुड़े कई गणमान्य लोगों के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और अभिभावकों ने भाग लिया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि डिजिटल अर्थव्यवस्था के विस्तार के साथ क्रिएटिव टेक्नोलॉजी आधारित क्षेत्रों में रोजगार की संभावनाएं लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे समय में गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण संस्थानों की भूमिका युवाओं के कौशल विकास और रोजगार सृजन में अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है। मुख्य अतिथि अभिनेता राजेश कुमार ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय रचनात्मकता और तकनीक के समन्वय का दौर है। उन्होंने कहा कि यदि युवा अपनी प्रतिभा को सही प्रशिक्षण और निरंतर मेहनत के साथ जोड़ें, तो एनीमेशन, गेमिंग, वीएफएक्स और डिजिटल कंटेंट इंडस्ट्री में बेहतर भविष्य बनाया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि अब बिहार के विद्यार्थियों को इन क्षेत्रों की उच्चस्तरीय शिक्षा के लिए दूसरे राज्यों पर पूरी तरह निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

कार्यक्रम में रिलायंस एनीमेशन अकादमी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी तेजोनिधि भंडारी और बिजनेस हेड संदीप शेट्टी ने संस्थान की प्रशिक्षण प्रणाली, उद्योग आधारित पाठ्यक्रम, आधुनिक लैब, स्मार्ट क्लासरूम और प्लेसमेंट सहायता की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पाठ्यक्रमों को वर्तमान उद्योग की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, ताकि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले विद्यार्थी रोजगार के लिए पूरी तरह सक्षम बन सकें। एफके मीडिया एंड प्रोडक्शन्स के प्रबंध निदेशक फ़रहान खान ने कहा कि अकादमी का उद्देश्य बिहार के प्रतिभाशाली युवाओं को राज्य में ही विश्वस्तरीय व्यावसायिक एवं तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि यह संस्थान न केवल युवाओं के कौशल विकास को नई दिशा देगा, बल्कि उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार एवं करियर के बेहतर अवसर भी उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने अकादमी के अत्याधुनिक बुनियादी ढांचे का अवलोकन किया और इसे बिहार में क्रिएटिव एजुकेशन एवं स्किल डेवलपमेंट के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। वक्ताओं ने विश्वास जताया कि यह संस्थान राज्य के युवाओं को डिजिटल क्रिएटिव उद्योग से जोड़ने के साथ-साथ बिहार को उभरते हुए क्रिएटिव टेक्नोलॉजी हब के रूप में स्थापित करने में भी अहम भूमिका निभाएगा।