सुल्तानगंज से देवघर तक श्रद्धा की डगर तैयार, श्रावणी मेले का करेंगे सम्राट चौधरी शुभारंभ

  • Post By Admin on Jul 28 2026
सुल्तानगंज से देवघर तक श्रद्धा की डगर तैयार, श्रावणी मेले का करेंगे सम्राट चौधरी शुभारंभ

भागलपुर: विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले का शुभारंभ आज से होने जा रहा है। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भागलपुर जिले के सुल्तानगंज स्थित नमामि गंगे घाट पर दोपहर 3:42 बजे श्रावणी मेले का विधिवत उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन के साथ ही एक माह तक चलने वाले इस धार्मिक मेले में देशभर से आने वाले लाखों कांवड़ियों के लिए प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्थाएं लागू कर दी जाएंगी।

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष कई नई पहल की गई हैं। कांवड़ यात्रा मार्ग पर धूप से राहत देने के लिए सड़क पर विशेष मैट बिछाए जाएंगे, ताकि नंगे पांव चलने वाले श्रद्धालुओं को गर्म सड़क से परेशानी न हो। इसके अलावा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन ने आवश्यक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुंगेर से सड़क मार्ग के जरिए सुल्तानगंज पहुंचेंगे। हालांकि सुरक्षा और आवश्यकता को देखते हुए कृष्णानंद स्टेडियम मैदान में दो हेलीपैड भी तैयार किए गए हैं। उद्घाटन समारोह में बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव सहित प्रभारी जिला मंत्री नीतीश मिश्रा, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल, कला, संस्कृति एवं पर्यटन विभाग के मंत्री, पथ निर्माण मंत्री, ऊर्जा मंत्री, जनसंपर्क मंत्री समेत कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। मेले के उद्घाटन के साथ ही कांवड़ियों के लिए स्वास्थ्य, सुरक्षा, पेयजल, प्रकाश, विश्राम, स्वच्छता और यातायात सहित सभी आवश्यक सुविधाएं पूरी तरह संचालित हो जाएंगी। प्रशासन का दावा है कि इस बार श्रद्धालुओं को पहले की तुलना में अधिक बेहतर और सुगम व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

उद्घाटन से पहले सुल्तानगंज नगरी और संपूर्ण कांवरिया पथ को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। इस वर्ष भागलपुर जिले की सीमा में कई नई सुविधाएं जोड़ी गई हैं। सुल्तानगंज से देवघर तक लगभग 106 किलोमीटर लंबी पैदल कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालु कमरांय के समीप बनाए गए आकर्षक शिव सुरंग से गुजरेंगे, जो इस बार विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। वहीं सुल्तानगंज के बाद कांवड़ियों के पहले प्रमुख पड़ाव धांधी बेलारी में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ पहली बार ड्रोन शो का भी आयोजन किया जाएगा। प्रशासन को उम्मीद है कि आधुनिक सुविधाओं और बेहतर प्रबंधन के कारण इस बार का श्रावणी मेला श्रद्धालुओं के लिए अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और यादगार साबित होगा।

• खबर में दी गई तस्वीर केवल सांकेतिक है