हेलमेट जागरूकता अभियान चलाकर वाहन चालकों को किया जागरूक

  • Post By Admin on Aug 01 2026
हेलमेट जागरूकता अभियान चलाकर वाहन चालकों को किया जागरूक

लखीसराय: जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को विद्यापीठ चौक एवं जेल मोड़ पर विशेष हेलमेट जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान जिला पदाधिकारी के मार्गदर्शन में परिवहन विभाग द्वारा संचालित किया गया।

अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ), मोटरयान निरीक्षक (एमवीआई) तथा परिवहन विभाग की टीम ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के महत्व, सुरक्षित वाहन संचालन और सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी। इस दौरान वाहन चालकों से आईएसआई मानक का हेलमेट पहनने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा सभी यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई। अधिकारियों ने बताया कि हेलमेट का नियमित उपयोग सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली गंभीर चोटों और मौत के जोखिम को काफी हद तक कम करता है।

जागरूकता अभियान के दौरान वाहन चालकों और आम लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहने तथा स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का संदेश भी दिया गया। जिला परिवहन पदाधिकारी ने कहा कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए हमेशा हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाएं तथा यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने बताया कि सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए इस प्रकार के जागरूकता अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे।