लखीसराय में 2 अगस्त से शुरू होगा नशा मुक्ति एवं विकसित भारत संकल्प अभियान

  • Post By Admin on Aug 01 2026
लखीसराय में 2 अगस्त से शुरू होगा नशा मुक्ति एवं विकसित भारत संकल्प अभियान

लखीसराय: युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग तथा छात्र एवं युवा कल्याण निदेशालय, बिहार के निर्देशानुसार प्रस्तावित "नशा मुक्ति युवा एवं विकसित भारत संकल्प अभियान" के सफल क्रियान्वयन को लेकर शनिवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान को व्यापक स्तर पर सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में बताया गया कि भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में युवाओं को नशा मुक्ति के प्रति जागरूक करने तथा विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस अभियान का शुभारंभ 2 अगस्त 2026 को किया जाएगा। राज्य स्तर पर भी इस अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा।

लखीसराय जिले में अभियान का शुभारंभ 2 अगस्त को पूर्वाह्न 10:30 बजे राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, लखीसराय में किया जाएगा। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग सहित अन्य अधिकारी संयुक्त रूप से भाग लेंगे। जिला प्रशासन ने निर्देश दिया कि जिले के सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, कौशल विकास केंद्रों, नेहरू युवा केंद्र, जीविका समूहों, स्वयंसेवी संस्थाओं, औद्योगिक संगठनों तथा सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं को अभियान से जोड़ते हुए व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। अभियान के सफल संचालन के लिए सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग धीरज कुमार को नोडल पदाधिकारी, वरीय उपसमाहर्ता शशि कुमार को सुपर नोडल पदाधिकारी तथा उत्पाद अधीक्षक दीपक कुमार को सहायक नोडल पदाधिकारी बनाया गया है।

जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि पंचायत, वार्ड, प्रखंड, अनुमंडल, जिला कार्यालयों तथा नगर परिषद क्षेत्रों में सामूहिक शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। साथ ही सरकारी कर्मियों, पीएम किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़े अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के लिए व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित की जाए। साथ ही प्रभारी मंत्री, जिले के सभी मंत्रियों, विधायक, विधान पार्षद एवं अन्य जनप्रतिनिधियों को कार्यक्रम में आमंत्रित कर उनकी गरिमामयी उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए।

बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, स्थापना उपसमाहर्ता शशि कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, नजारत उपसमाहर्ता प्राची कुमारी, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग धीरज कुमार, उत्पाद अधीक्षक दीपक कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।