राजकीय डिग्री कॉलेज का अनुश्रवण-सह-क्रियान्वयन समिति ने किया निरीक्षण, आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा
- Post By Admin on Jul 11 2026
लखीसराय : जिले के नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से नियमित पठन-पाठन शुरू कराने की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है। राज्य सरकार के उच्च शिक्षा विभाग के निर्देश एवं जिला पदाधिकारी के आदेश के आलोक में गठित अनुश्रवण-सह-क्रियान्वयन समिति ने शनिवार को पिपरिया स्थित प्रस्तावित राजकीय डिग्री महाविद्यालय परिसर का निरीक्षण कर आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण दल का नेतृत्व अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राहुल कुमार ने किया। उन्होंने महाविद्यालय परिसर में उपलब्ध आधारभूत संरचनाओं का विस्तृत निरीक्षण करते हुए भवन की स्थिति, कक्षाओं की उपलब्धता, प्रयोगशाला एवं पुस्तकालय के लिए निर्धारित स्थान, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शौचालय, फर्नीचर, परिसर की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, आवागमन की सुविधा सहित अन्य आवश्यक संसाधनों का गहन मूल्यांकन किया। निरीक्षण के दौरान इस बात की भी समीक्षा की गई कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर महाविद्यालय में नियमित शैक्षणिक गतिविधियां प्रारंभ कराई जा सकें।
अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राहुल कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आधारभूत सुविधाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप शीघ्र विकसित किया जाए तथा की गई कार्रवाई का अनुपालन प्रतिवेदन समय पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान प्राप्त सुझावों एवं आवश्यकताओं के अनुरूप त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिला प्रशासन ने बताया कि नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों में निर्धारित तिथि से निर्बाध पठन-पाठन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गठित अनुश्रवण-सह-क्रियान्वयन समिति नियमित अंतराल पर निरीक्षण करती रहेगी। समिति उपलब्ध संसाधनों की सतत समीक्षा, विभागीय समन्वय एवं अधोसंरचनात्मक कार्यों की निगरानी करेगी, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके और जिले में उच्च शिक्षा के विस्तार के राज्य सरकार के संकल्प को प्रभावी रूप से साकार किया जा सके।