बोर्ड परीक्षाओं के लिए बनेगा आधुनिक परीक्षा भवन, लखीसराय में दो विद्यालयों की भूमि का निरीक्षण

  • Post By Admin on Jul 28 2026
बोर्ड परीक्षाओं के लिए बनेगा आधुनिक परीक्षा भवन, लखीसराय में दो विद्यालयों की भूमि का निरीक्षण

लखीसराय: बिहार सरकार के योजना एवं विकास विभाग तथा बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के निर्देश पर जिले में स्ट्रॉन्ग रूम और आधुनिक परीक्षा भवन के निर्माण की दिशा में प्रक्रिया तेज हो गई है। मंगलवार को जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने प्रस्तावित निर्माण कार्य के लिए संभावित स्थलों का निरीक्षण कर उपलब्ध भूमि और आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने प्लस-2 देढ़नाथ उच्च विद्यालय, शर्मा तथा उच्च विद्यालय, बिहरौरा परिसर में उपलब्ध भूमि का भौतिक सत्यापन किया। निरीक्षण के दौरान दोनों विद्यालयों में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की आवश्यकताओं के अनुरूप पर्याप्त भूमि उपलब्ध पाई गई। अधिकारियों के अनुसार, दोनों भूखंड समिति के स्वामित्व में हैं और स्ट्रॉन्ग रूम एवं परीक्षा भवन निर्माण के लिए उपयुक्त हैं।

निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने भूमि की भौगोलिक स्थिति, पहुंच मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था तथा भविष्य में भवन निर्माण की संभावनाओं का भी मूल्यांकन किया। उन्होंने बताया कि प्लस-2 देढ़नाथ उच्च विद्यालय, शर्मा जिला मुख्यालय से लगभग चार किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, जिससे परीक्षा संचालन, गोपनीय सामग्री के सुरक्षित परिवहन तथा प्रशासनिक निगरानी में सुविधा होगी। वहीं उच्च विद्यालय, बिहरौरा का परिसर भी विभागीय मानकों के अनुरूप उपयुक्त पाया गया। जिलाधिकारी ने अंचलाधिकारी को दोनों भूखंडों की पैमाइश, सीमांकन तथा भूमि से संबंधित सभी अभिलेखों का सत्यापन शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही विभागीय मानकों के अनुरूप विस्तृत प्रतिवेदन और आवश्यक दस्तावेज तैयार कर बिहार विद्यालय परीक्षा समिति को अविलंब भेजने को कहा, ताकि निर्माण प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से शुरू की जा सके।

जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने कहा कि स्ट्रॉन्ग रूम और परीक्षा भवन के निर्माण से जिले में बोर्ड एवं विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के आयोजन के लिए आधुनिक और सुरक्षित आधारभूत संरचना विकसित होगी। इससे परीक्षा से जुड़ी गोपनीय सामग्री के सुरक्षित भंडारण, परीक्षा संचालन की पारदर्शिता और प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकेगा। उन्होंने यह भी कहा कि आवश्यकता पड़ने पर इस भवन का उपयोग अन्य शैक्षणिक एवं सामुदायिक गतिविधियों के लिए भी किया जा सकेगा। जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक औपचारिकताएं प्राथमिकता के आधार पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं, ताकि बिहार सरकार एवं बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ लखीसराय जिले को जल्द मिल सके।