एमडीडीएम कॉलेज में मतदाता जागरूकता की अलख, छात्राओं ने नाटक और पोस्टर से दिया लोकतंत्र का संदेश

  • Post By Admin on Jul 28 2026
एमडीडीएम कॉलेज में मतदाता जागरूकता की अलख, छात्राओं ने नाटक और पोस्टर से दिया लोकतंत्र का संदेश

मुजफ्फरपुर : महंत दर्शन दास महिला महाविद्यालय, मुजफ्फरपुर के निर्वाचन साक्षरता क्लब के तत्वावधान में मंगलवार को निर्वाचक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं और समाज में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करना था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी लोकेश कुमार झा ने मतदाता जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मतदाता ही राष्ट्र का वास्तविक निर्माता होता है। उन्होंने कहा कि यदि मतदाता सही नेतृत्व का चयन करेगा तो देश का समुचित विकास संभव होगा। उपनिर्वाचन पदाधिकारी सत्यप्रिय कुमार ने कहा कि जागरूक मतदाता ही मजबूत राष्ट्र की आधारशिला तय करता है और मतदाता जागरूकता फैलाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। अवर निर्वाचन पदाधिकारी, पूर्वी मुजफ्फरपुर ने मतदाता के अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी देते हुए छात्राओं से “मतदाता बनें और दूसरों को भी मतदाता बनने के लिए प्रेरित करें” का आह्वान किया। वहीं अवर निर्वाचन पदाधिकारी, पश्चिमी मुजफ्फरपुर ने प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता की शुरुआत कराई।

प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में छात्राओं और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसमें दिव्यलता, निकिता, अक्षिता, अंशु, निशि, निधि, मुस्कान और अरिजीता सहित कई छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की छात्राओं ने मतदाता जागरूकता विषय पर आकर्षक पोस्टर प्रस्तुत किए। इसमें खुशी, साक्षी राज, नीतू कुमारी, नम्रता और आलीशा समसी प्रमुख रहीं। वहीं एनसीसी की छात्राओं ने “मतदाता का महत्व” विषय पर नाटक प्रस्तुत कर मतदान की आवश्यकता और जिम्मेदारी का प्रभावशाली संदेश दिया। नाटक में आकांक्षा, अनामिका, मृणाल, प्रिया, निकिता, निधि, लक्ष्मी, सलोनी, गुंजा, संगीता, दीप ज्योति, जिया, सोनम, रितु, सौम्या, कनकलता, परिधि, निकिता सिंह, अरिजीता, नेहा, श्रेया और अंजलि सहित अनेक छात्राओं ने भाग लिया।

इस अवसर पर निर्वाचन साक्षरता क्लब के लिए गणित विभागाध्यक्ष डॉ. माला को नोडल पदाधिकारी बनाया गया, जबकि कार्यकारिणी समिति में डॉ. रिंकु कुमारी और डॉ. प्रियम फ्रांसिस को शामिल किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ, शॉल और पौधा भेंट कर किया गया। संगीत विभाग की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्या डॉ. कुमारी सरोज ने की, मंच संचालन डॉ. रिंकु कुमारी ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. माला ने किया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रहीं। लोकतांत्रिक भागीदारी और मतदाता जागरूकता को लेकर आयोजित यह कार्यक्रम छात्राओं के लिए प्रेरणादायी और ज्ञानवर्धक साबित हुआ।