मीनापुर में खेल महाकुंभ का आयोजन, 200 से अधिक युवाओं ने लिया हिस्सा

  • Post By Admin on Sep 21 2026
मीनापुर में खेल महाकुंभ का आयोजन, 200 से अधिक युवाओं ने लिया हिस्सा

मुजफ्फरपुर : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, मीनापुर, मुजफ्फरपुर पश्चिमी के द्वारा मीनापुर स्थित राम कृष्ण उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (सरस्वती विद्या निकेतन) के प्रांगण में खेल महाकुंभ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रखंड की विभिन्न पंचायतों से आए 200 से अधिक युवाओं ने प्रतिभागी के रूप में हिस्सा लिया।

खेल महाकुंभ के दौरान 25 से अधिक प्रकार के विभिन्न भारतीय खेलों का आयोजन किया गया। युवाओं ने अलग-अलग खेल गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा, शारीरिक क्षमता, अनुशासन और टीम भावना का प्रदर्शन किया। आयोजन के दौरान प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजकों के अनुसार, खेल महाकुंभ का उद्देश्य युवाओं में खेल के प्रति रुचि विकसित करने के साथ उनके शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देना रहा। इसके अलावा सामाजिक एकता, आपसी सहयोग और नेतृत्व क्षमता के विकास को भी आयोजन का प्रमुख उद्देश्य बताया गया।कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में विदेह भारती के उत्तर बिहार प्रांत सचिव संजीव कुमार उपस्थित रहे। इसके अलावा जिला प्रचारक गौरव कुमार, जिला प्रचार प्रमुख डॉ. संतोष कुमार, जिला महाविद्यालयीन छात्र कार्य प्रमुख संतोष कुमार, मीनापुर के खंड कार्यवाह मुकेश कुमार, जिला बौद्धिक प्रमुख जयनाथ पाण्डेय और खंड बौद्धिक प्रमुख पंकज कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

खेल गतिविधियों के संचालन में शारीरिक शिक्षक के रूप में पंकज सोनू, रोहित कुमार, सिद्धार्थ कुमार, सुपक कैलाश, चंदन कुमार, विवेक कुमार, सुशील कुमार और गौरव कृष्ण ने भूमिका निभाई। वहीं व्यवस्था को सुचारू बनाने में रंजन कुमार, कुंदन कुमार, अजय कुमार, राजेश कुमार और मौसम राज सहित अन्य स्वयंसेवकों ने सहयोग किया। आयोजकों ने बताया कि पदाधिकारियों, शारीरिक शिक्षकों, व्यवस्था में लगे स्वयंसेवकों और प्रतिभागियों के सामूहिक सहयोग से खेल महाकुंभ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयोजन के माध्यम से युवाओं को खेलों से जोड़ने और उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा एवं सामूहिक सहभागिता की भावना विकसित करने का प्रयास किया गया।