हलसी पुलिस की त्वरित कार्रवाई : राता गांव से अवैध पिस्टल समेत धंधेबाज गिरफ्तार
- Post By Admin on Sep 20 2026
लखीसराय : लखीसराय जिले के हलसी थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक अवैध हथियार तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार युवक के पास से एक देशी पिस्टल, एक मैगजीन, दो जिंदा कारतूस, 15 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर 2026 की देर रात हलसी थाने को सूचना मिली थी कि राता गांव में एक व्यक्ति अपने घर से अवैध हथियारों और गोलियों की खरीद-बिक्री करता है। वरीय अधिकारियों को अवगत कराने के बाद हलसी थानाध्यक्ष पु०नि० राजेश कुमार रंजन के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने राता गांव पहुंचकर नीरज कुमार के घर पर विधिवत छापेमारी की। तलाशी के दौरान नीरज कुमार के पास से अवैध आग्नेयास्त्र और कारतूस बरामद हुए, जिसके बाद उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान राता गांव निवासी रामविलास पासवान के पुत्र नीरज कुमार के रूप में हुई है। इस मामले में हलसी थाने में 20 सितंबर 2026 को आर्म्स एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत कांड संख्या 190/26 दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी दल में थानाध्यक्ष के साथ पु०अ०नि० कुंदन कुमार, परि०पु०अ०नि० अमित कुमार, परि०पु०अ०नि० रेणु कुमारी एवं हलसी थाने का सशस्त्र बल शामिल रहा।
लखीसराय पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अवैध हथियार रखना, उसकी खरीद-बिक्री करना या किसी भी माध्यम से उसका सार्वजनिक प्रदर्शन करना कानूनन अपराध है, और ऐसे कृत्यों में लिप्त पाए जाने पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।