लोकतंत्र की मजबूती का संदेश : राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर शपथ और सम्मान समारोह

  • Post By Admin on Jan 23 2026
लोकतंत्र की मजबूती का संदेश : राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर शपथ और सम्मान समारोह

लखीसराय : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आगामी 25 जनवरी 2026 को पूरे देश के साथ-साथ लखीसराय जिले में भी 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा। इस वर्ष की थीम “My India, My Vote” निर्धारित की गई है, जिसका उद्देश्य लोकतंत्र में प्रत्येक मतदाता की भूमिका, अधिकार और जिम्मेदारी को और अधिक सशक्त बनाना है।

परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी जिला, विधानसभा और बूथ स्तर पर राष्ट्रीय मतदाता दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों में सभी वर्गों के मतदाताओं की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी, जिसमें महिला, युवा, दिव्यांग (PwD), थर्ड जेंडर, ब्रिज मतदाता, प्रवासी मतदाता और सेवा मतदाता शामिल हैं। इसके साथ ही राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, मीडिया, सिविल सोसाइटी, शैक्षणिक संस्थान और अन्य हितधारकों की भी भागीदारी रहेगी।

जिला प्रशासन, लखीसराय द्वारा जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम लखीसराय संग्रहालय में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ 25 जनवरी 2026 को पूर्वाह्न 10 बजे जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, मतदाताओं और अन्य प्रतिभागियों को लोकतंत्र की मजबूती, स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव और नैतिक मतदान के प्रति मतदाता शपथ दिलाई जाएगी। इसके साथ ही मतदाता जागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां, सम्मान समारोह और अन्य कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।

राष्ट्रीय मतदाता दिवस का मुख्य उद्देश्य है कि प्रत्येक पात्र नागरिक निर्भीक, निष्पक्ष और जागरूक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करे और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए। “My India, My Vote” थीम के माध्यम से यह संदेश दिया जा रहा है कि भारत की असली शक्ति उसके जागरूक मतदाता हैं।

इस अवसर पर सभी मीडिया प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है, ताकि वे कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार कर लोकतांत्रिक मूल्यों और मतदाता जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचा सकें।