शिक्षा के संग संस्कार और आत्मनिर्भरता का संदेश, अंबेडकर आवासीय विद्यालय में भव्य वार्षिकोत्सव

  • Post By Admin on Jan 23 2026
शिक्षा के संग संस्कार और आत्मनिर्भरता का संदेश, अंबेडकर आवासीय विद्यालय में भव्य वार्षिकोत्सव

लखीसराय : डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय, बिहरौरा में शुक्रवार को वार्षिकोत्सव समारोह भव्य एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। विद्यालय परिसर छात्राओं की प्रतिभा, उत्साह और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर नजर आया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र, उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार एवं अन्य अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।

अपने संबोधन में जिला पदाधिकारी ने छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास पर ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, जीवन कौशल और नैतिक मूल्यों का विकास भी जरूरी है। उन्होंने छात्राओं को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर निरंतर परिश्रम करने के लिए प्रेरित किया।

उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार ने छात्राओं को स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनने का संदेश देते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक का निर्माण है। उन्होंने विद्यालय द्वारा बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

वार्षिकोत्सव के दौरान छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। आदिवासी नृत्य, झिझिया नृत्य तथा सोशल मीडिया के दुष्प्रभाव और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों पर आधारित नाटिकाओं के माध्यम से समाज को जागरूक करने का सशक्त संदेश दिया गया। प्रस्तुतियों में छात्राओं की कला, आत्मविश्वास और सामाजिक चेतना स्पष्ट झलकी।

समारोह के अंत में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को जिला पदाधिकारी द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जिससे उनका उत्साह और मनोबल बढ़ा।

कार्यक्रम में जिला कल्याण पदाधिकारी श्री राजीव रंजन कुमार, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।